भोपाल, 27 सितंबर : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान “टोक्यो ओलंपिक 2020” की भारतीय महिला हॉकी टीम के खिलाड़ियों को 28 सितंबर को सम्मानित करेंगे और प्रत्येक खिलाड़ी को 31 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान करेंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार खेल मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया की अध्यक्षता में मंगलवार को दोपहर 12 बजे यहाँ मिंटो हॉल में आयोजित कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र ध्रुव बत्रा होंगे। इसके अलावा हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रओ निगोमबम, हॉकी इंडिया की सीईओ सुश्री एलीना नार्मन, सचिव राजेंद्र सिंह और महिला हॉकी टीम के प्रशिक्षक तुषार खांडेकर भी विशेष रूप से उपस्थित होंगे।
खेल मंत्री श्री सिंधिया ने कहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित और सम्मानित करने में तत्पर रहते हैं।
टोक्यो ओलंपिक 2020 में महिला हॉकी टीम के शानदार ऐतिहासिक प्रदर्शन ने देश और दुनिया का दिल जीत लिया था और महिला टीम चौथे स्थान पर रही थी। तभी श्री चौहान ने इन बेटियों को सम्मानित करने की घोषणा कर दी थी। पुरस्कृत होने वाली भारतीय महिला हाकी टीम के सदस्य सुश्री रानी रामपाल (कप्तान), सविता पूनिया, दीप ग्रेस एक्का, निशा, गुरजीत कौर, सलीमा टेटे, उदिता, मोनिका, निक्की प्रधान, नेहा, पी सुशीला चानू, वंदना कटारिया, नवनीत कौर, नवजोत कौर, शर्मिला देवी, लालरेमसियामी, ई.रजनी, रीना खोकर और नमिता टोप्पो हैं।
उन्होंने बताया कि इस भारतीय महिला हॉकी टीम ने पहली बार ओलंपिक के सेमीफाइनल तक का सफर तय कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। कांस्य पदक के मुकाबले में भारतीय टीम को बेहद करीबी अंतर से इंग्लैंड से 3- 4 से हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले भारत ने क्वार्टर फाइनल में ओलंपिक और विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। लीग मुकाबलों में भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रदर्शन सराहनीय रहा था।
विश्वकर्मा