इस साल बाजार में आएगी देश में तैयार सेमीकंडक्टर चिप

केंद्रीय आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पहली ‘मेड इन इंडिया’ 28-90 एनएम की सेमीकंडक्टर चिप इस साल बाजार में आने की जानकारी दी है।

इस साल बाजार में आएगी देश में तैयार सेमीकंडक्टर चिप

गुरुवार को सीआईआई एनुअल बिजनेस समिट को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि एक टारगेटेड एप्रोच का उपयोग करते हुए एक विशेष सेगमेंट को टारगेट किया है। उनके अनुसार इसकी बाजार हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है।

राष्ट्रीय राजधानी में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहली मेड-इन-इंडिया 28-90 एनएम चिप इस साल बाजार में आ जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि आज हमारे देश में छह सेमीकंडक्टर प्लांट्स का निर्माण हो रहा है।

बताते चलें कि इस 28-90 एनएम चिप का इस्तेमाल ट्रेनों सहित ऑटोमोटिव, दूरसंचार और बिजली में किया जाता है।सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग में एनएम यानी छोटे नैनोमीटर का माप अधिक कॉम्पैक्ट ट्रांजिस्टर डिजाइन को दर्शाता है, जिससे निर्माता एक ही चिप पर अधिक ट्रांजिस्टर फिट करने की सुविधा पाते हैं।

बताते चलें कि भारत के सेमीकंडक्टर मिशन के तहत फिलहाल हम 28 nm तक के चिप निर्माण की योजना बना रहे हैं। इससे पहले 2003-2005 के आसपास 90 nm चिप्स पहली बार बड़े स्तर पर बनाई गईं। साल 2011 में आने वाली 28 nm टेक्नोलॉजी ने 32 nm और 22 nm के बीच की एक ‘हाफ नोड’ बनाई।

सेमीकंडक्टर के संसार में नोड (Node) उस तकनीकी स्तर को कहते हैं जिस पर एक चिप को बनाया जाता है। सरल भाषा में नोड का अर्थ है चिप पर इस्तेमाल होने वाले सबसे छोटे इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का साइज। इसे नैनोमीटर (nm) में मापा जाता है, जैसे 90 nm, 28 nm, 7 nm आदि।

अपना खुद का आईपी, उत्पाद, डिजाइन और मानक होना की बात पर ज़ोर देते हुए केंद्रीय मंत्री का कहना है कि कई शीर्ष अर्थशास्त्री चाहते हैं कि हम सेवाओं पर ध्यान केंद्रित करें। आगे वह कहते हैं कि मैन्युफैक्चरिंग और सेवाएं दोनों ही विकास के अगले स्तर के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के ज़रिए होने वाले सकारात्मक बदलाव के बारे में उनका कहना है कि इंटरनेट ने दुनिया के लिए जो किया, वैसा ही कुछ एआई से भी होगा। हमें उद्योग और क्षेत्र की परवाह किए बिना उस बदलाव के लिए तैयार रहना चाहिए।

उन्होंने भारतीय संस्कृति, बारीकियों, भाषाओं और सामाजिक मानदंडों पर प्रशिक्षित एआई मॉडल की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इस तरह के पहले मॉडलों में से एक को सर्वम द्वारा विकसित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *