बुमराह-कॉनर को पछाड़ने वाले संजू सैमसन को मिला आईसीसी अवॉर्ड

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन के शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें आईसीसी के ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। संजू सैमसन टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज हैं और इन दिनों आईपीएल 2026 खेल रहे हैं।

संजू इस साल चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने मार्च महीने का आईसीसी ‘मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ’ अवॉर्ड जीत लिया है। आईसीसी ने उनको ये अवॉर्ड T20 वर्ल्ड कप 2026 के नॉकआउट मैचों में शानदार प्रदर्शन के लिए दिया है। यह पहली बार है जब सैमसन ने यह प्रतिष्ठित खिताब जीता है।

बताते चलें कि संजू सैमसन ने ये अवॉर्ड पाने के साथ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के अलावा दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन को पीछे छोड़ दिया है। बुमराह ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में अहम भूमिका निभाते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में चार विकेट लिए थे। वहीँ दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज ने T20 वर्ल्ड कप के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों में 200 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया था।

सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत बेंच पर बैठकर की थी। बाद में जब उन्हें प्लेइंग-11 में शामिल किया गया तो फिर उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ एक बेहद सख्त सुपर एट्स मुकाबले में 97 रन की नाबाद पारी खेली।

संजू ने इसके बाद मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में और अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में भी 89-89 रन बनाए। संजू के इस शानदार खेल की बदौलत भारत अपनी धरती पर ही खिताब बचाने में कामयाब रहा और सैमसन को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का अवॉर्ड मिल सका।

इस अवार्ड को जीतने के बाद संजू ने इसे अविश्वसनीय एहसास बताया है। उन्होंने इसे खास इसलिए बताया क्योंकि यह उनके क्रिकेट करियर के सबसे यादगार दौर में मिला है। उनका कहना है कि T20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत में योगदान देना सचमुच एक सपना सच होने जैसा था। आगे वह कहते हैं कि उस पल की अहमियत को पूरी तरह से समझने में उन्हें थोड़ा समय लगा।

संजू आगे कहते हैं, ‘यह भारतीय क्रिकेट के लिए एक रोमांचक दौर है, जिसमें हर तरफ जबरदस्त प्रतिभा मौजूद है। मुझे मिले मौकों के लिए, और अपने साथियों व कोचिंग स्टाफ के भरोसे और समर्थन के लिए मैं आभारी हूं, जिनकी वजह से मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाया।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *