क्रिस्टियानो रोनाल्डो छह अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप संस्करण में गोल करने वाले पहले फुटबॉलर बन गए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने इतिहास रच दिया। पहले मैच में डीआर कांगो के खिलाफ 1-1 से ड्रा खेलने के बाद पुर्तगाल ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट में शानदार वापसी की है। टीम अपने जोश को बरक़रार रखते हुए बाक़ी मुकाबलों को भी जीतना चाहेगी।
मंगलवार का दिन ह्यूस्टन स्टेडियम के लिए यादगार बन गया। यहाँ फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप के मुकाबले में पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से शिकस्त दी। पुर्तगाल की जीत के नायक स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो बनें। रोनाल्डो ने इस मुकाबले में 2 गोल किए।
इस मैच में उज्बेकिस्तान के खिलाफ खेलते हुए क्रिस्टियानो रोनाल्डो छह अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप संस्करण में गोल करने वाले पहले फुटबॉलर बन गए हैं। मैच शुरू होने के सिर्फ छह मिनट बाद ही पुर्तगाल के इस 41 वर्षीय कप्तान ने इस उपलब्धि को हासिल कर लिया था। उन्होंने अपने खास अंदाज में करीब से गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिलाई। यह गोल तब हुआ जब जोआओ कैंसेलो ने राइट विंग से आगे बढ़ते हुए बॉक्स में एक लो पास दिया, जिसे रोनाल्डो ने छह-यार्ड एरिया के अंदर से पहली बार में ही गोल में बदल दिया।
ह्यूस्टन स्टेडियम पुर्तगाल की टीम के लिए इस मायने में भी यादगार बना क्यूंकि इस जीत के साथ ही टीम ने राउंड ऑफ 32 में पहुंचने की अपनी दावेदारी को भी मजबूत कर लिया है। टीम के 2 मुकाबलों के बाद अब 4 प्वाइंट हो गए हैं और टीम ग्रुप में पहले स्थान पर पहुंच गई है।
खेल के दौरान दिलचस्प लम्हा यह रहा कि उज्बेकिस्तान के खिलाड़ी नेमातोव अपना ही गोल कर बैठे। वहीँ रोनाल्डो के अलावा, पुर्तगाल की ओर से नूनो मेंडेस और राफेल लियाओ ने भी एक-एक गोल किया।
रोनाल्डो के लिए ह्यूस्टन स्टेडियम का यह दिन हमेशा के लिए अपनी शानदार उपलब्धि के ज़रिए यादगार बन गया है। उनके इंटरनेशनल करियर की बात करें तो साल 2006 में जर्मनी में 21 साल की उम्र में वर्ल्ड कप में डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने हर उस संस्करण में गोल किया, जिसमें वे खेले हैं।
रोनाल्डो ने अपने डेब्यू मैच में साल 2006 में पुर्तगाल के सेमीफाइनल तक के सफर के दौरान एक गोल किया था और 2010 और 2014 के संस्करण में भी एक-एक गोल किया। उनका सबसे सफल वर्ल्ड कप अभियान 2018 में रूस में रहा। इस साल उन्होंने चार गोल किए। इसके बाद चार साल बाद कतर में भी उन्होंने एक गोल किया, जब पुर्तगाल क्वार्टर-फाइनल तक पहुंचा था।
कल के मुक़ाबले में मैच के छठे मिनट में ही रोनाल्डो ने अपनी टीम के लिए पहला गोल करते हुए 1-0 की बढ़त ली। मैच के 17वें मिनट में ही नुनो मेंडेस ने फ्री किक का भरपूर फायदा उठाते हुए मैच का दूसरा और अपना पहला गोल किया। मैच के 29वें मिनट में उज्बेकिस्तान के लिए अजीजजोन गनीव ने एक शानदार गोल किया, लेकिन फाउल होने के कारण इससे अमान्य करार दे दिया गया।
मैच के 39वें मिनट में रोनाल्डो ने अपना दूसरा और मैच का तीसरा गोल दागा। रोनाल्डो के इस गोल की बदौलत पुर्तगाल ने पहले हाफ का अंत 3-0 की बढ़त बना ली थी। दूसरे हाफ में उज्बेकिस्तान के गोलकीपर नेमातोव गलती से अपना ही गोल कर बैठे, जिसके चलते पुर्तगाल की बढ़त 4-0 हो गई। राफा लियाओ ने मैच के 87वें मिनट में पांचवां गोल करते हुए पुर्तगाल की शानदार जीत पक्की कर दी।