राहुल गांधी के ट्विटर पर फॉलोवर्स की संख्या हुई एक करोड़

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के माइक्रोब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर पर बुधवार को फॉलोवर्स की संख्या एक करोड़ को पार कर गई, जिस पर खुशी जताते हुए उन्होंने कहा कि वह अमेठी में इसका जश्न मनाएंगे. एक करोड़ फॉलोवर्स होने के बाद राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ”ट्विटर पर एक करोड़ फॉलोवर्स- आप लोगों में से हर व्यक्ति का धन्यवाद.

” राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें अमेठी में आज कांग्रेस समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात करनी है और इस आयाम का जश्न वह वहीं मनायेंगे. राहुल गांधी का बुधवार को अमेठी दौरे का कार्यक्रम है. इस बार लोकसभा चुनाव में अमेठी से उन्हें भाजपा की स्मृति ईरानी से हार का सामना करना पड़ा था. राहुल केरल की वायनाड सीट से चुनकर संसद पहुंचे हैं.

 

पीएम मोदी ट्विटर 48 मिलियन फॉलोवर्स के साथ भारत के सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले और दुनिया में तीसरे सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले नेता हैं. पीएम मोदी से आगे सिर्फ अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ही हैं. बराक ओबामा के ट्विटर पर जहां 106 मिलियन फॉलोवर्स हैं तो वहीं 60.2 मिलियन ऑलोवर्स के साथ डोनाल्ड ट्रंप दूसरे नंबर पर हैं.

राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से पहले उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट का प्रतिनिधित्व 2004 से कर रहे थे. लेकिन लोकसभा चुनाव 2019 में उनको इस सीट पर बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने हरा दिया. राहुल गांधी ने 2019 का लोकसभा चुनाव अमेठी और वायनाड दोनों सीटों से लड़ा था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *