अल्लू अर्जुन अपकमिंग फिल्म ‘राका’ ने रिलीज के पहले ही कामयाबी का परचम लहरा दिया है। फिल्म ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया है। फिल्म के लिए किए गए इस विशेष मोशन-कैप्चर अभ्यास में चार साल के बच्चे से लेकर 70 साल की उम्र तक के कुल 37 कलाकारों को एक साथ रियल-टाइम में कैप्चर किया गया है। इस दौरान एक ही कैप्चर वॉल्यूम के भीतर सभी 37 कलाकारों के प्रदर्शन को सटीक रूप से रिकॉर्ड किया जाना और उसकी गुणवत्ता को बरकरार रखा जाना सबसे बड़ी चुनौती थी।
अल्लू अर्जुन अभिनीत और वी अरुणकुमार (एटली) द्वारा निर्देशित और सन पिक्चर्स के कलानिधि मारन की बनाई ‘राका’ ने सिनेमाई तकनीक के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। एक ही समय में 37 कलाकारों के रियल-टाइम मोशन कैप्चर के जरिए बनाया गया यह रिकॉर्ड भारतीय सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि माना जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, रिकॉर्ड एक ही समय में 37 कलाकारों के रियल-टाइम मोशन कैप्चर के जरिए बनाया गया और 15 सितंबर 2026 को इसे आधिकारिक रूप से प्रमाणित किया गया। रिपोर्ट्स से यह भी पता चला है कि, रिकॉर्ड फरवरी 2026 में बनाया गया था और 15 सितंबर 2026 को इसे आधिकारिक रूप से प्रमाणित किया गया।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के सीनियर एडजुडिकेटर स्वप्निल डांगरिकर ने एक विशेष समारोह में अल्लू अर्जुन और निर्देशक एटली को आधिकारिक प्रमाणपत्र सौंपा। इस अवसर पर फिल्म की मुख्य कास्ट और क्रू भी मौजूद रही।
अल्लू अर्जुन ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस असाधारण उपलब्धि पर गर्व महसूस करते हुए इसे सिनेमा की सीमाओं को आगे बढ़ाने और वैश्विक स्तर पर एक नया मानदंड स्थापित करने वाला क्षण बताया। निर्देशक एटली ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन हम खुद ऐसा रिकॉर्ड बनाएंगे।
इस रिकॉर्ड को संभव बनाने के लिए फिल्म के वीएफएक्स प्रोड्यूसर ने ‘राका’ की तकनीकी जरूरतों और विशाल स्तर को ध्यान में रखते हुए एक नई मोशन-कैप्चर पाइपलाइन और वर्कफ्लो विकसित किया है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रयास के दौरान 92 ऑप्टिकल मोशन-कैप्चर कैमरों का उपयोग किया गया। इसके साथ कैप्चर, कैलिब्रेशन, नेटवर्किंग, सिंक्रोनाइजेशन, रियल-टाइम अनरियल विजुअलाइजेशन, फेसियल कैप्चर और कई विशेषज्ञ तकनीकी टीमों को शामिल करते हुए एक अत्याधुनिक तकनीकी इकोसिस्टम तैयार किया गया है।