उत्तर प्रदेश सरकार ने बकरीद यानी ईद-उल-अजहा के सार्वजनिक अवकाश की तारीख में बदलाव किया है। अब 28 मई गुरुवार को पूरे प्रदेश में बकरीद का सार्वजनिक अवकाश रहेगा। पहले यह अवकाश 27 मई बुधवार को घोषित किया गया था।
मंगलवार को सामान्य प्रशासन अनुभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, वर्ष 2026 की अवकाश सूची में बकरीद की छुट्टी 27 मई को तय की गई थी लेकिन चांद के आधार पर अवकाश की तिथि में बदलाव किया गया है। अब 28 मई गुरुवार को सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल, कॉलेज और बैंक बंद रहेंगे।
चांद के अनुसार प्रदेश में अब ईद-उल-अजहा का पर्व अब 28 मई को मनाया जाएगा, इसलिए शासन ने छुट्टी की तिथि में संशोधन कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, प्रमुख सचिव एसवीएस रंगा राव द्वारा जारी इस आदेश में कहा गया है कि 17 नवंबर 2025 की विज्ञप्ति संख्या-671/तीन-2025-39(2)/2016 में घोषित अवकाश सूची के क्रमांक-12 को संशोधित माना जाए।
गौरतलब है तत्काल प्रभाव से लागू इस आदेश की प्रतिलिपि सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री कार्यालय, उच्च न्यायालय प्रयागराज, महालेखाकार, सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों, विधान सभा, विधान परिषद, भारत सरकार के वित्त व गृह मंत्रालय, आरबीआई कानपुर और लखनऊ समेत 16 प्रमुख विभागों को भेजी दी गई है।
बताते चलें कि 24 मई को बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बकरीद के त्यौहार को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए थे। उन्होंने बकरीद के अवसर पर सार्वजनिक स्थलों पर पशुओं की कुर्बानी की मनादि के साथ प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूर्ण प्रतिबंध की बात भी कही। साथ ही प्रत्येक जिले में कुर्बानी के बाद अपशिष्ट निस्तारण की सुनियोजित व्यवस्था सुनिश्चित की बात भी कही। मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देश में कहा गया है कि नमाज केवल परंपरागत स्थलों पर ही पढ़ी जाए तथा सड़क मार्ग अवरुद्ध कर नमाज की अनुमति किसी भी स्थिति में न दी जाए।