प्रियंका गांधी 29 को लखनऊ में, कार्यकर्ताओं को करेंगी सम्बोधित

 

लखनऊ। कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी 29 को यूपी के कांग्रेसियों से रूबरू होंगी। प्रियंका अपने भाई और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के साथ आ रही हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा का लखनऊ में यह पहला सम्बोधन होगा। यही वजह है कि इसकी चर्चा सियासी गलियारों में उनकी ‘राजनीतिक लांचिंग’ के तौर पर हो रही है।

Priyanka Gandhi 2

प्रियंका गांधी वाड्रा के यहां आने से पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर और मुख्यमंत्री उम्मीदवार शीला दीक्षित गाजियाबाद से लखनऊ तक करीब 500 किलोमीटर रोड शो करेंगे। शीला दीक्षित का उन्नाव में भी कार्यक्रम है। उन्नाव में उनकी ससुराल है और वो कांग्रेसी सीएम उम्मीदवार बनने से पहले कह चुकी हैं कि मैं यूपी की बहू हूं।

‘मिशन 2017’ को फतह करने के लिए कांग्रेस ने कार्यक्रमों को लगभग अन्तिम रुप दे दिया है। आगामी 29 जुलाई को प्रियंका गांधी वाड्रा का पहली बार अमेठी, रायबरेली से बाहर कांग्रेसियों को संबोधन और और पार्टी के गाजियाबाद से लखनऊ तक के रोड शो को इसी नजरिये से देखा जा रहा है।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि प्रियंका गांधी के कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ ही आम लोग भी मौजूद रहेंगे। इनकी संख्या हजारों तक हो सकती है। सूत्रों की मानें तो यूपी चुनाव में प्रचार के लिये कांग्रेस ने प्रियंका की करीब एक सौ विधानसभा क्षेत्रों में सभायें लगाने की योजना बनायी है। यह सभायें चुनाव के दौरान जरूरत के हिसाब से आयोजित की जायेंगी। गौरतलब है कि यूपी कांग्रेस के ना सिर्फ़ कार्यकर्ता बल्कि नेता भी प्रियंका गांधी को सूबे की सियासत में सक्रिय करने की बात उठाते रहे हैं। उनकी उम्मीद है कि यूपी में हाशिये पर जा चुकी कांग्रेस को यहां प्रियंका दोबारा मुख्यधारा की राजनीति में ला सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *