प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जीवन के 76वें वर्ष में प्रवेश कर चुके हैं

इस अवसर पर आज से एक माह यानी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत हुई है, जिसमें विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।

इसके अलावा देशभर में रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर और सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। नागरिकों और कार्यकर्ताओं से अपने घरों में दीये जलाकर उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करने की अपील की गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, गुजरात सहित देशभर में भारी संख्या में दीये जलाने के विशेष कार्यक्रम रखे गए हैं। वाराणसी और वडनगर से एक साथ बाइक यात्रा निकाली जा रही है। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में पीएम मोदी के जन्मदिन पर स्वच्छता अभियान चलाया गया।

गौरतलब है कि बीते 12 साल से भारत के प्रधानमंत्री रहे नरेंद्र मोदी इससे पहले 13 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी आज देशभर में कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के महसाणा जिले के वडनगर ग्राम में हुआ था। उनकी माता का नाम हीराबेन मोदी और पिता का नाम दामोदरदास मूलचंद मोदी था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, एक साधारण पृष्ठभूमि से संबंध रखने वाले उनके परिवार में उनके पिता वडनगर रेलवे स्टेशन पर चाय की दुकान चलाते थे, जहाँ नरेंद्र मोदी भी चाय बेचने में अपने पिता की मदद करते थे।

वह छोटी आयु में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गए और संगठन के लिए पूर्णकालिक रूप से काम किया। 1972 में अहमदाबाद में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक बने। साल 2014 से लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा दे रहे हैं। उनके राजनीतिक सफर को विस्तार से समझने के लिए भारतीय जनता पार्टी की आधिकारिक वेबसाइट पर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सहित गृहमंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, स्पीकर ओम बिरला सहित कई नेताओं ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *