साइप्रस का सर्वोच्च सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया गया है। ऑर्डर ऑफ मकारियोस तृतीय साइप्रस की ओर से प्रदान किया जाने वाला नाइटहुड सम्मान है।

प्रधानमंत्री मोदी को साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने साइप्रस के सर्वोच्च सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III से सम्मानित किया। इसका नाम साइप्रस के प्रथम राष्ट्रपति आर्कबिशप मकारियोस तृतीय के नाम पर रखा गया था।
साइप्रस सरकार का और साइप्रस के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर कहा- ‘मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में हमारी सक्रिय भागीदारी नई ऊंचाइयों को छुएगी। साथ मिलकर हम न केवल अपने दोनों देशों की प्रगति को मजबूत करेंगे, बल्कि एक शांतिपूर्ण और सुरक्षित वैश्विक वातावरण के निर्माण में भी योगदान देंगे।’
प्रधानमंत्री मोदी ने इसे 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान बताया और कहा कि यह उनकी क्षमताओं और आकांक्षाओं का सम्मान है। यह हमारी संस्कृति, भाईचारे और वसुधैव कुटुम्बकम की विचारधारा का सम्मान है।
नरेंद्र मोदी ने इसे भारत और साइप्रस के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों, साझा मूल्यों और आपसी समझ को समर्पित करते हुए कहा कि सभी भारतीयों की ओर से इस सम्मान को बड़ी विनम्रता और कृतज्ञता के साथ स्वीकार करता हूं। उन्होंने इस पुरस्कार को शांति, सुरक्षा, संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और लोगों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
इससे पहले प्रधानमंत्री का प्रेसिडेंशियल पैलेस में स्वागत किया गया। इसके बाद दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच बैठक हुई। प्रधानमंत्री रविवार को साइप्रस पहुंचे थे और अब वह G7 समिट में हिस्सा लेने के लिए कनाडा रवाना हो जाएंगे।












