दिल्ली से कंधार जा रहे विमान में दबा हाईजैक का बटन

नई दिल्ली। कंधार जा रहे एक विमान के पायलट ने शनिवार को दिल्ली हवाई अड्डे से उड़ान भरते समय गलती से हाईजैक का बटन दबा दिया। इसके तुरंत बाद सुरक्षा अधिकारियों को जांच के लिए भेजा गया। पायलट से यह गलती उड़ान भरने से पहले विमान को टैक्सी कर रनवे पर लाने के दौरान हुई।

सूत्रों ने जानकारी दी कि संतोषजनक जांच के बाद एरियाना अफगान एयरलाइंस की इस उड़ान को रवाना किया गया। इसमें लगभग दो घंटे की देरी हुई।

हालांकि इस बारे में तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन सूत्रों ने बताया कि हाईजैक का बटन दबाए जाने से सभी एजेंसियां सकते में आ गईं। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के आतंकरोधी बल समेत सभी अन्य एजेंसियां क्रियाशील हो गईं।

उन्होंने कहा कि एनएसजी कमांडो और अन्य एजेंसियों के अधिकारियों ने हालात पर तुरंत प्रतिक्रिया की और विमान को चारों ओर से घेर लिया।

 

इससे यात्रियों के बीच भय का माहौल बना रहा। लगभग दो घंटे की कड़ी जांच के बाद ही इसे उड़ान भरने की अनुमति दी गई। यह उड़ान एफजी312 दिल्ली से कांधार साढ़े तीन बजे भरी जानी थी। )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *