प्रकाश सिंह बादल ने पदम विभूषण अवार्ड वापस करने का फैसला मजबूरी में लिया :जाखड़

चंडीगढ़ ,03 दिसंबर :पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने अकाली दल के संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल द्वारा पदम विभूषण अवार्ड वापस करने के निर्णय पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि बेशक उन्होंने यह फैसला राजनीतिक मजबूरी में लिया है फिर भी उनका फैसला स्वागत योग्य है ।

श्री जाखड़ ने आज यहां एक बयान में कहा कि हालांकि श्री बादल ने यह फैसला पार्टी द्वारा इन कृषि कानूनों का साथ देने की गलतियों पर पर्दा डालने की कोशिश के तौर पर लिया है । श्री बादल के इस फैसले से किसानों के संघर्ष को बल मिलेगा। इसका फायदा तभी है यदि भाजपा की सरकार भी किसानों के मसले को गंभीरता से लें और किसानों की मांगों का हल करें।

उन्होंने कहा कि जब इन कानूनों के बारे में ऑर्डिनेंस आए थे तो यही अकाली दल व इसके नेता इन कानूनों को किसानों के लिए वरदान बता रहे थे। श्री बादल ने अपने पुत्र के सत्ता मोह में आकर तब इन कानूनों को किसान के हित में बताकर जो गलती की थी अब उस गलती पर पर्दा की कोशिश की गई है ।

श्री जाखड़ ने कहा कि केंद्र सरकार का अड़ियल रवैया पूरे देश के विकास व संविधान के संघीय ढांचे के लिए खतरा है। केन्द्र किसानों, बुद्धिजीवियों के खेती कानूनों के प्रति रोष को समझे व किसानों की मांगों का हल करके इन कानूनों को वापस ले ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *