पाकिस्तानी पीएम नवाज शरीफ की अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से पहली मुलाकात

trump_sharif_रियाद, पाकिस्तानी पीएम नवाज शरीफ की अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से पहली मुलाकात हुई . सऊदी अरब में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने पहली बार मुलाकात की. ट्रंप अपनी पहली विदेश यात्रा के पहले पड़ाव के तहत सऊदी अरब पहुंचे हुए हैं, जहां उन्होंने पहले ‘अरब इस्लामिक अमेरिकी समिट’ को संबोधित किया. इस समिट में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ समेत 55 मुस्लिम देशों के नेताओं का जमावड़ा लगा रहा. शरीफ के साथ पाकिस्तानी विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज भी सऊदी गए हैं.
पाकिस्तानी न्यूज चैनल जियो टीवी के मुताबिक रविवार को प्रधानमंत्री नवाज शरीफ सऊदी पहुंचे, जहां उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और शरीफ की यह पहली मुलाकात है. रियाद के किंग अब्दुल अजीज कांफ्रेंस सेंटर में आयोजित समिट से पहले दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया. इस बीच ट्रंप ने कहा कि वह पाकिस्तानी पीएम नवाज शरीफ से मुलाकात करके बेहद खुश हैं. इसके जवाब में शरीफ ने कहा कि उनको भी इस मुलाकात से बेहद खुशी हुई है.
शरीफ के सऊदी रवाना होने से पहले पाकिस्तानी मीडिया ने कहा था कि पाकिस्तानी पीएम और डोनाल्ड ट्रंप के बीच समिट से इतर मुलाकात होगी. इस बीच शरीफ ट्रंप के सामने कश्मीर राग अलापेंगे, लेकिन अभी तक दोनों नेताओं के बी हाय-हल्लों के अलावा कोई खास बातचीत नहीं हुई है. पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक पाकिस्तान ने इस मुलाकात के लिए सऊदी अरब से विशेष अपील की थी. हाल ही में भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के मद्देनजर दोनों नेताओं की मुलाकात पर दुनिया भर की निगाहें टिकी हुई हैं. माना जा रहा है कि पाकिस्तानी पीएम के सऊदी जाने का मकसद समिट में हिस्सा लेने से ज्यादा अमेरिकी राष्ट्रपति से मुलाकात करने का है. इससे पहले दोनों नेताओं ने फोन पर बातचीत की थी.
पाकिस्तानी पीएम नवाज शरीफ अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ सऊदी पहुंचे. वहां पहुंचने पर किंग सलमान बिन अब्दुल अजीज ने उनका स्वागत किया. पाकिस्तानी न्यूज चैनल ने बताया कि नवाज शरीफ के साथ विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज, वकील अकरम शेख, प्रतिनिधिमंडल, सरकारी अधिकारी और मीडिया कर्मी गए हैं. समिट में पाकिस्तानी पीएम ने ट्रंप की तारीफ में कसीदे पढ़े. उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ने की बात तो कही, लेकिन भारत में आतंकवाद के निर्यात पर चुप्पी साधे रखी.

 

 

http://www.naqeebnews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *