आज से शुरू हो रही सीयूईटी यूजी परीक्षा के लिए एंटीए ने जारी की गाइडलाइन

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित होने वाली CUET UG 2026 परीक्षा 11 मई यानी आज से शुरू हो गई। इसके साथ ही देशभर के लाखों छात्रों का इंतजार भी पूरा हुआ। कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट वाली यह परीक्षा 31 मई तक चलेगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, भारत सहित 13 देशों के 14 अंतरराष्ट्रीय शहरों में परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा 21 दिनों में 35 शिफ्ट्स में शेड्यूल की गई है। आज यानी 11 मई को परीक्षा दो शिफ्ट में होगी।

इस वर्ष CUET (UG) में 15,68,866 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है, जबकि कुल 67,56,321 टेस्ट इंस्टेंस और 12,906 अलग-अलग विषय संयोजन हैं।

पहले दिन इंग्लिश, अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, इकोनॉमिक्स, हिस्ट्री, पॉलिटिकल साइंस, केमिस्ट्री, जियोग्राफी, कंप्यूटर साइंस और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षा होगी। पहले दिन कुल 1,24,020 छात्र परीक्षा देंगे। पहली शिफ्ट में 314 परीक्षा केंद्र, 63247 छात्र और 8 विषयों की परीक्षा होगी। दूसरी शिफ्ट में 281 परीक्षा केंद्र, 60773 छात्र और 8 विषयों की परीक्षा होगी।

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने छात्रों के लिए गाइडलाइन जारी की है। परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड और सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म के अलावा दो पासपोर्ट साइज फोटो, ओरिजिनल फोटो आईडी, पारदर्शी पेन, पारदर्शी पानी की बोतल और जरूरत होने पर डायबिटीज से जुड़ी खाने की चीजें भी ले जा सकते हैं।

निर्देश में छात्रों को हल्के रंग के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। सामान्य जूते, चप्पल या लो-हील फुटवियर पहन सकते हैं। धार्मिक धागे या अन्य आस्था से जुड़ी चीजें पहनने की अनुमति होगी, लेकिन जांच के लिए समय से पहले पहुंचना होगा।

परीक्षा के दौरान दिव्यांग व्यक्ति (Person with Disability) और बेंचमार्क दिव्यांगता वाला व्यक्ति (Person with Benchmark Disability) उम्मीदवारों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इस उम्मीदवारों के लिए स्क्राइब और अतिरिक्त समय सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

एंटीए ने सभी उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वह अपने एडमिट कार्ड पर दिए गए परीक्षा शहर, केंद्र, तारीख और शिफ्ट की जानकारी ध्यानपूर्वक जांच लें और रिपोर्टिंग समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *