आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे नीतीश कुमार

मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी की मानें तो नीतीश कुमार रविवार सुबह करीब 10 बजे जदयू विधायकों के साथ बैठक कर सकते हैं। इसके बाद वह राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। अनुमान के मुताबिक़ आज शाम तक बिहार में भाजपा के समर्थन वाली नई सरकार का गठन हो सकता है।

आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे नीतीश कुमार

ख़बरों के मुताबिक़ नीतीश कुमार के साथ भाजपा के दो उपमुख्यमंत्री भी आज शपथ ले सकते हैं। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष का पद भी भाजपा के कोटे में आ सकता है।

हालाँकि अभी भाजपा द्वारा नितीश कुमार के समर्थन की घोषणा नहीं की गई है। वहीँ प्रदेश भाजपा की भी सुबह नौ बजे बैठक होनी है।

इससे पहले, जनता दल (यूनाइटेड) के प्रवक्ता केसी त्यागी ने कहा था कि बिहार में महागठबंधन सरकार कभी भी गिर सकती है। कांग्रेस नेतृत्व पर नीतीश कुमार का अपमान करने का आरोप लगाते हुए उनका कहना है कि इंडिया गठबंधन टूटने की कगार पर है। पंजाब, पश्चिम बंगाल और बिहार में विपक्षी दलों का गठबंधन लगभग खत्म हो गया है।

पल पल बदलते इस परिदृश्य में यदि नीतीश कुमार आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद भाजपा के साथ नई सरकार बनाते हैं तो, बीते 18 महीने में वह दूसरी बार पाला बदलेंगे।

बताते चलें कि नीतीश कुमार इससे पहले अगस्त 2022 में भाजपा से गठबंधन तोड़कर राजद और कांग्रेस के साथ महागठबंधन बना चुके हैं। उस समय उन्होंने भाजपा पर जदयू को तोड़ने का प्रयास करने का आरोप लगाया था।

ख़बरों की मानें तो मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम में रविवार को राज्यपाल सचिवालय खोलने के लिए कहा गया है। हालांकि, नीतीश कुमार ने अभी तक इस मामले में पूरी तरह चुप्पी साध रखी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *