महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नक्सली हमले में 15 जवान शहीद

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नक्सलियों ने सी-60 फोर्स के वाहन पर आईईडी धमाका किया है। इस घटना में 15 जवानों के शहीद होने की खबर है। फिलहाल घटनास्थल पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। महाराष्ट्र के मंत्री सुधीर मुंगटीवार ने हमले को लेकर कहा, ‘हमें अंदेशा है कि इस घटना में 15 जवानों सहित एक ड्राइवर शहीद हो गए हैं।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमले की कड़े शब्दों में आलोचना की है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में हमारे सुरक्षाकर्मियों पर हुए हमले की मैं कड़ी निंदा करता हूं। मैं सभी बहादुर कर्मियों को सलाम करता हूं। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। मेरी संवेदनाएं शहीदों के परिवार वालों के साथ हैं। ऐसी हिंसा करने वाले अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।


नक्सलियों ने यह धमाका जंभरखेड़ा गांव में बुधवार सुबह किया। आशंका है कि इस विस्फोट में क्विक रिस्पांस टीम के 15 जवान शहीद हुए हैं। विस्फोट तब किया गया जब जवान सड़क निर्माण में लगी गाड़ियों में नक्सलियों द्वारा आग लगाए जाने की जानकारी मिलने के बाद छानबीन के लिए घटनास्थल की तरफ जा रहे थे। हमले में निजी वाहन के चालक की भी मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ शैलेश काले मौके पर पहुंच गए।

इससे पहले नक्सलियों ने सड़क निर्माण में लगे 27 वाहनों को भी आग लगा दी थी। बताया जा रहा है कि इस घटना में 150 से ज्यादा नक्सली शामिल थे। कुरखेड़ा से छह किमी दूर कोरची मार्ग पर यह विस्फोट हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *