राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने आज शुक्रवार को यह घोषणा की है कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी अब 21 जून को दोबारा करायी जाएगी। पहले यह परीक्षा तीन मई को आयोजित की गई थी। परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के चलते इसे रद्द करना पड़ा था।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक के बाद यह फैसला लिया गया है। इस दौरान परीक्षा दोबारा कराने की तैयारियों की समीक्षा की गई है।
अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर यह जानकारी साझा करते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने लिखा, ‘नीट (यूजी) 2026- परीक्षा तिथि की घोषणा। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने भारत सरकार की स्वीकृति से नीट (यूजी) 2026 की परीक्षा को दोबारा रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया है।’
एनटीए द्वारा साझा इस पोस्ट में अनुरोध किया गया है, ‘परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से अनुरोध है कि वे केवल एनटीए के आधिकारिक माध्यमों पर ही विश्वास करें।’ साथ ही पोस्ट में आधिकारिक वेबसाइट के साथ 011-40759000 / 011-69227700 नंबर भी साझा किया गया है।
बताते चलें कि मंगलवार को एनटीए ने नीट-यूजी परीक्षा रद्द करने की घोषणा के साथ कहा था कि परीक्षा से जुड़ी कथित अनियमितताओं की व्यापक जांच सीबीआई द्वारा कराई जाएगी। इस परीक्षा में 22 लाख से अधिक मेडिकल उम्मीदवार शामिल हुए थे।
गौरतलब है कि तीन मई 2026 को आयोजित की गई नीट यूजी परीक्षा में पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोप सामने आने के बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया। विपक्ष ने मामले पर सरकार को सख्ती से घेरा।
इस दौरान एजेंसियों की शुरुआती जांच में परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर भी सवाल उठे। इस भी आधार पर परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया गया और अब इसे नए सिरे से आयोजित कराया जा रहा है।
नीट री-एग्जाम की तैयारी के लिए एनटीए इस बार ज्यादा फुल प्रूफ सिस्टम बनाने पर काम कर रहा है। इसके लिए एजेंसिंयों के बीच लगातार बैठकों और अधिकारियों से वार्ता का दौर लगातार जारी है।
इस फूल प्रूफ कार्यक्रम को अंजाम देने के लिए अनुभवी शिक्षकों सहित विषय विशेषज्ञों की एक नई टीम गठित की गई है। प्रत्येक काम के लिए एक बार फिर से प्वांइट परसन बनाया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि फिर से नीट की परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र नेशनल टेस्टिंग एजेंसी अत्यंत गोपनीय और बहु-स्तरीय प्रक्रिया के माध्यम से तैयार करवा रहा है।