देश में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़े, नई दरें आज से लागू

आज से देशभर में पेट्रोल और डीजल के नए रेट जारी किए गए हैं। इस बीच तेल कंपनियों ने सीएनजी की कीमतों में भी बढ़ोतरी की है। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार सुबह से पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ गए हैं। पेट्रोल की कीमत में 2 रुपये 84 पैसा जबकि डीजल के दामों में 3.01 रुपये की वृद्धि हुई है।

इस बढ़ोत्तरी के साथ ही पहले से ही महंगाई और गैस की समस्या से जूझ रही जनता को बढ़े दामों का एक और झटका लगा है। लखनऊ में पेट्रोल का दाम 2 रुपये 84 पैसा और डीजल के दामों में 3.01 रुपये की बढ़ोत्तरी के बाद अब आम जनता को पेट्रोल के लिए 97.55 रुपए प्रति लीटर जबकि डीजल 90 रुपए 82 पैसा प्रति लीटर कीमत ऐडा करनी होगी। इसके साथ ही सीएनजी के दामों में भी बढ़ोत्तरी के चलते लखनऊ में सीएनजी पर दो रुपए बढ़ाए गए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि सरकारी तेल कंपनियों इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अनुसार, महंगे क्रूड ऑयल की वजह से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी पहले ही इस बात का संकेत दे चुके थे। उनका कहना था कि तेल कंपनियों को रोजाना एक हज़ार करोड़ रुपये से अधिक का घाटा हो रहा है। उनके अनुसार, अगर खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की गई तो एक तिमाही में कंपनियों का कुल नुकसान एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है।

एक्सपर्ट का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में चल रही अस्थिरता के कारण आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक्साइज ड्यूटी, वैट, डीलर कमीशन और अन्य शुल्क शामिल करने की दशा में उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। इस बीच बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों में वृद्धि से आम लोगों की जेब प्रभावित हो रही है। अनुमान है कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने का ये पहला चरण है। आगे कई बार और दाम बढ़ाए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *