उत्तर प्रदेश में धूप के दर्शनों के साथ अभी भी कई जिलों में कोहरा और ठंड का असर जारी है। विभाग ने आज यानि 13 जनवरी को 8 जिलों में कोल्ड डे और करीब 20 जिलों में घना कोहरा रहने की जानकारी दी है। मौसम विभाग द्वारा ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी किए जाने के साथ 15 जनवरी के करीब पश्चिमी विक्षोभ से बारिश और ठंड बढ़ने के संकेत दिए हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोहरा और कोल्ड डे जारी रहेगा। विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे में पश्चिमी यूपी में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, जबकि पूर्वी यूपी में मामूली कमी के आसार हैं।
मंगलवार की सुबह राजधानी लखनऊ में कोहरे की हलकी मौजूदगी के साथ हुई। आज के दिन भी अच्छी धूप निकलने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान 7 और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस होगा।
18 जनवरी के आस-पास पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी का अनुमान है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान बरेली में रिकॉर्ड हुआ। यहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते 24 घंटे में गोरखपुर, कुशीनगर और सहारनपुर में जीरो विजिबिलिटी वाला कोहरा नजर आया।
विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक लखनऊ में मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा। हालाँकि इस बीच नोएडा में सुबह के समय घना कोहरा नजर आएगा। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी हुआ है। आज नोएडा में न्यूनतम तापमान 4 और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा।
आंचलिक मौसम केंद्र द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक, 13 जनवरी को भी पश्चिमी यूपी के साथ पूर्वी यूपी के कई जिलों में सुबह सवेरे घना कोहरा देखने को मिलेगा। इसको लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही 14 जनवरी को भी प्रदेश के दोनों संभाग में कोहरा नजर आएगा। जानकारी में कहा गया है कि 15 जनवरी के करीब एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे बारिश की संभावना के साथ ठंड बढ़ने की उम्मीद है।
मंगलवार के पूर्वानुमान के मुताबिक़, आगरा सहित सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, बिजनौर, मेरठ, बागपत, हापुड़, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकुट, जालौन और इटावा में कोहरा नजर आएगा। जबकि प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, अयोध्या, बलिया, सीतापुर, अमेठी, रायबरेली, अलीगढ़, मथुरा, फिरोजाबाद, इटावा, मैनपुरी और आस पास के जिलों में भी धूप निकलेगी।












