नेशनल रैपिड एवं नेशनल ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप 2025-26 का आयोजन जो 11 से 13 मार्च तक रांची में किया जाएगा। झारखंड की राजधानी रांची में यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में देशभर के शीर्ष शतरंज खिलाड़ी इस खेल में अपने रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का स्वरूप मिलेगा। टूर्नामेंट का आयोजन फिडे (FIDE) के नियमों और मानकों के अनुरूप किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि इससे झारखंड में शतरंज को नई ऊर्जा मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होगा।
आयोजन समिति की ओर से साझा जानकारी में कहा गया है कि प्रतियोगिता में लगभग 250 रैंकधारी खिलाड़ी सम्मिलित होंगे। इनमें करीब 50 अंतरराष्ट्रीय मास्टर (IM) और ग्रैंडमास्टर (GM) शामिल होंगे।
राज्यसभा सांसद और संरक्षक मंडल के प्रमुख डॉक्टर प्रदीप कुमार वर्मा ने जानकारी में बताया है कि रैपिड कैटेगरी में 25 खिलाड़ियों के बीच 4 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी, जबकि ब्लिट्ज कैटेगरी में 15 खिलाड़ियों को कुल ढाई लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए कुल 6.5 लाख रुपये की आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
आयोजन समिति का कहना है कि प्रतियोगिता के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया अभियान, प्रेस कवरेज और लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि देशभर के शतरंज प्रेमी इस आयोजन से जुड़ सकें।
प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त खेल परिसर, समयबद्ध राउंड और तकनीकी प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। आयोजन समिति का मानना है कि कॉर्पोरेट सहभागिता से खेल के विकास को और मजबूती मिलेगी।
इस आयोजन से राज्य के उभरते खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और रांची राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर और सशक्त पहचान बनाएगा। आयोजकों ने उम्मीद जताई है कि नेशनल रैपिड एवं ब्लिट्ज चैंपियनशिप न केवल प्रतिस्पर्धा का मंच बनेगी, बल्कि झारखंड में बौद्धिक खेलों के प्रति रुचि को भी नई ऊंचाई देगी।














