नेपाल में राष्ट्रीय शोक, विमान दुर्घटना की जांच के लिए समिति गठित

नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई विमान दुर्घटना के बाद सरकार ने आज राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुकाने का फैसला किया है। विमान में सवार 18 लोगों की इस हादसे में मौत हो गई थी।

नेपाल में राष्ट्रीय शोक, विमान दुर्घटना की जांच के लिए समिति गठित

बुधवार शाम को हुई एक आपातकालीन कैबिनेट बैठक में विमान दुर्घटना के पीड़ितों के सम्मान में झंडे को आधा झुकाने का निर्णय लिया गया। साथ ही घटना की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया है

अंतर्राष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ आज नेपाल में पूरे देश में झंडे आधे झुके रखने का फैसला किया गया है, साथ ही घटना की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के पूर्व महानिदेशक रतीश चंद्र लाल सुमन इस समिति का नेतृत्व करेंगे।

इस जाँच समिति में नेपाल एयरलाइंस के कैप्टन दीपू ज्वारचन, श्री एयरलाइंस के इंजीनियर संजय अधिकारी, पुलचौक इंजीनियरिंग कैंपस के सहायक प्रोफेसर सुदीप भट्टाराई और संस्कृति, पर्यटन और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के तकनीकी अधिकारी मुकेश डांगोल शामिल हैं।

समिति को 45 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। ये जानकारी संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री गुरुंग ने दी।

गौरतलब है कि बीती शाम काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सौर्य एयरलाइंस का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पोखरा जा रहे इस विमान में चालक दल के दो सदस्यों सहित 19 लोग सवार थे। इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई। कैप्टन एमआर शाक्य को दुर्घटनास्थल से बचाने में कामयाबी मिल गई। उन्हें इलाज के लिए सिनामंगल के केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विमान काठमांडू से सुबह 11:11 बजे पोखरा के लिए रवाना हुआ था। नेपाल पुलिस के अनुसार ज्यादातर यात्री एयरलाइन कर्मचारी थे जो विमान के रखरखाव के लिए पोखरा जा रहे थे।

विमान रनवे के पूर्वी हिस्से में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। आग पर काबू पाने के बाद तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। हवाई अड्डे से मिली जानकारी में बताया गया कि, 18 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। घायल पायलट को बचा लिया गया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *