शपथ ग्रहण से पहले महात्मा गांधी की समाधि पहुंचे नरेंद्र मोदी

नरेंद्र मोदी आज शाम तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने से पहले नरेंद्र मोदी महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पर श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे।

शपथ ग्रहण से पहले महात्मा गांधी की समाधि पहुंचे नरेंद्र मोदी

राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में आज शाम 7:15 बजे नरेंद्र मोदी अपने मंत्रिमंडल के साथ प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। आज सुबह नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पहुंचकर उनकी समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।

ट्वीट करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा- ‘राजघाट पर बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की। हम सेवा और सामाजिक कल्याण के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता से प्रेरित हैं। उनके विचार एक बेहतर समाज के निर्माण में हमारा मार्गदर्शन करते रहते हैं।’

राष्ट्रपति भवन में आज शाम होने वाले सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शरीक होने के लिए विदेशी राष्ट्राध्यक्षों का दिल्ली आना शुरू हो चुका है।

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू के पद सँभालने के बाद से भारत और मालदीव के रिश्ते में काफी उतार-चढ़ाव रहे हैं मगर इस अवसर पर वह भी सम्मिलित हो रहे हैं। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख़ हसीना भी भारत पहुँच चुकी हैं। इसके अलावा नेपाल, मॉरीशस, श्रीलंका, भूटान, सेशेल्स और मालदीव के राष्ट्राध्यक्षों को निमंत्रण दिया गया है।

विपक्ष ने आरोप लगाया है कि उन्हें शपथ ग्रहण का निमंत्रण नहीं दिया गया है। इस पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीयका कहना है कि ऐसा नहीं हो सकता है कि विपक्ष के नेताओं को निमंत्रण न मिला हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *