एसएस राजामौली की ‘बाहुबली’ फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म का टीजर दर्शकों के दिलों में ख़ुशी की हलचल पैदा कर रहा है। मंगलवार को रिलीज हुआ टीजर ख़ासा लोकप्रिय हो चुका है। फिल्म इसी साल सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

जुलाई में फिल्म ‘बाहुबली’ के तीसरे भाग ‘बाहुबली: द एपिक’ का एलान किया गया था। फिल्म के मेकर्स ने अब फैंस को एक और तोहफा देते हुए इसका टीजर रिलीज कर दिया है। मेकर्स इसे अक्तूबर में रिलीज करने का इरादा रखते हैं।
आने वाली फिल्म की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि महज़ 24 घंटे के भीतर इस टीज़र को एक मिलियन से ज़्यादा लोग देख चुके हैं और बेहद ख़ुशी का इज़हार भी कर रहे हैं।
टीजर में प्रभास के अलावा अनुष्का शेट्टी और राणा दग्गुबाती की झलक देखने को मिलती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, फिल्म ‘बाहुबली: द एपिक’ इस साल 31 अक्तूबर को रिलीज होगी।
फिल्म का टीजर करीब 1.17 मिनट का है। टीज़र की शुरुआत महिष्मति के साम्राज्य की झलक के साथ होती है। आगे प्रभास की एंट्री होती है और बैकग्राउंड में बाहुबली-बाहुबली की आवाजें सुनाई देती हैं। इसके बाद पिछली दोनों फिल्मों के दृश्यों की झलक है।
यह फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी। बताते चलें कि इस फ्रेंचाइजी की पहली कड़ी ‘बाहुबली: द बिगनिंग’ साल 2015 में रिलीज हुई थी जबकि दूसरी फिल्म ‘बाहुबली 2: द कॉन्क्लूजन’ साल 2017 में आई। यह दोनों ही फिल्में ब्लॉकबस्टर रही थीं।













