मानसून के यूपी में प्रवेश में एक बार फिर से देरी की खबर है। मौसम विभाग की मानें तो अब मानसून की इंट्री 28 जून से पहले मुमकिन नहीं नज़र आ रही है। इसका कारन बादलों का प्रदेश की ओर न बढ़ पाना बताया जा रहा है।
मौसम विभाग ने बारिश के समय में बदलाव की संभावना जताई है। विभाग का कहना है कि जो बादल 28 जून को यूपी में दाखिल होने वाले थे अब उसकी संभावनाएं खत्म हो चुकी है। खबर के मुताबिक़, महाराष्ट्र, बिहार और बंगाल से बादल आगे नहीं बढ़े हैं और यही कारण है कि यूपी में अब मानसून के दाखिल होने का समय भी आगे बढ़ गया है।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शनिवार को लखनऊ में भीषण गर्मी और हीट वेव की स्थिति बरक़रार रहेगी। आसमान साफ रहने से तेज धूप में अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश का लखीमपुर खीरी शुक्रवार को सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 43.02 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान गोरखपुर जिले में 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
मौसम विभाग ने प्रदेश में 30 जून तक कई ज़िलों में बारिश होने की उम्मीद जताई है। साथ ही जुलाई के पहले हफ्ते तक मानसून प्रदेश के कई भागों में पहुंच सकता है। इस बीच पिछले 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बौछारें पड़ने की सूचना मिली है।
फ़िलहाल पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर लू दर्ज की गई। ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से लेकर 8 डिग्री सेल्सियस बढ़ा रहा, जिसके कारण भीषण गर्मी और लू चलने का सिलसिला जारी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मौसम शुष्क रहा जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बादल गरजने और के साथ हवाएं भी चली।
आने वाले मौसम के लिए विभाग का कहना है कि 29 जून से प्रदेश में बारिश का एक नया दौर शुरू होगा। इसमें उत्तरोत्तर वृद्धि के साथ 30 जून से प्रदेश में बारिश की संभावना के चलते दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगामी 3-4 दिनों में किसी भी समय उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने के संकेत हैं। साथ ही आने वाले दिनों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई गई हैं।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी लखनऊ सहित बांदा, गाजीपुर, बलिया, सुल्तानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, सोनभद्र, अलीगढ़, बरेली, शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद के अलावा खीरी लखीमपुर, बाराबंकी और बहराइच भारी लू की चपेट में रहे।