पूरे प्रदेश पर मेहरबान हुआ मानसून, आज तीस जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मानसून सही समय पर पूरे सूबे में अपनी मेहरबानी दिखा रहा है। रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश के बाद मौसम विभाग ने आज भी अच्छे संकेत दिए हैं। बारिश से तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट गर्मी से राहत देगी।

पूरे प्रदेश पर मेहरबान हुआ मानसून, आज तीस जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

रविवार से यूपी में मानसून की जोरदार वापसी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक़, प्रदेश में मानसूनी ट्रफ लाइन खिसक कर मध्य यूपी की तरफ आ गया है। इसके प्रभाव से आज और कल पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी में कहा गया है कि रविवार को दक्षिण पश्चिमी मानसून पश्चिमी यूपी के बचे हुए हिस्सों समेत पूरे प्रदेश में सक्रिय हो गया।

मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को लगभग 35 जिलों में भारी बारिश जबकि 65 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की का खतरा है। आज जिन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है उनमें सहारनपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, शामली के नाम हैं। रविवार को फर्रुखाबाद में सर्वाधिक 90 मिमी बारिश रिकार्ड की गई जबकि देवरिया, बागपत, संभल आदि को छोड़कर बाकी पूरे प्रदेश में हल्की से बारिश हुई। ।

मौसम विभाग ने जिन ज़िलों में भारी बारिश की संभावना जताई है उनमें सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोंडा, श्रावस्ती, सीतापुर, हरदोई, फरुखाबाद, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं व आसपास के इलाक़े शामिल हैं।

मानसून सक्रिय होने के साथ नेपाल में तेज बारिश के चलते अवध क्षेत्र में नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। गोंडा जिले के करनैलगंज क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर 37 सेंटीमीटर बढ़कर खतरे के निशान से मात्र डेढ़ मीटर दूर रह गया है। अंबेडकरनगर जिले के कम्हरिया क्षेत्र में सरयू नदी में पानी तेजी से बढ़ने के कारण यहां कटान भी शुरू हो गया है। सीतापुर जिले में सरयू व शारदा का जलस्तर बढ़ने से निचले क्षेत्रों में पानी फैल रहा है। बहराइच के जानकी नगर गांव में सरयू की धारा ने भारी नुकसान पहुंचाया है।

इस दौरान देश के बाक़ी हिस्सों में भी मानसून पहुँचने से बारिश की खबर है। हरियाणा और पंजाब में संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ सहित कई क्षेत्रों में अभी तीन से चार दिन दोनों ही राज्यों में भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है।

दिल्ली में भी आज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने कहा है कि सोमवार को दिल्ली में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने से हल्की से मध्यम बारिश होगी। यहाँ का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 32 और 24 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने झारखंड में अगले दो दिन तक भारी बारिश होने की संभावना जताई है। सोमवार के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया है। रांची समेत पूरे प्रदेश में भारी बारिश हो रही है। ओडिशा के उत्तरी हिस्से में भारी बारिश के कारण बाढ़ का खतरा बना हुआ है। यहाँ के बालासोर और मयूरभंज इलाके को जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा है। सरकार ने चेतावनी दी कि बुधबलंग, सुवर्णरेखा, जलाका और सोनो जैसी नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है और सोमवार तक बाढ़ आ सकती है। मयूरभंज जिला प्रशासन ने सोमवार को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *