देश के अधिकतर भाग में मानसून ने बनाई अपनी पहुँच

चक्रवात बिपरजॉय के आने से जहाँ मौसम को लेकर तमाम तरह की अटकलें लगाईं जा रहीं थी, वहीँ अब कई अंदेशों को दूर करते मानसून नए रिकॉर्ड बी बना रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से देश के विभिन्न हिस्सों में मानसून निर्धारित समय से पहले पहुंचा है। इस बीच रविवार को दिल्ली और मुंबई में एक साथ माॅनसून के आगमन ने नया रिकॉर्ड बनाया है।

देश के अधिकतर भाग में मानसून ने बनाई अपनी पहुँच

उत्तर प्रदेश में मानसून के दस्तक तो हो गई है मगर अभी भी पूरा प्रदेश अच्छी बारिश से वंचित है। इस इलाक़े को लू से राहत मिली है मगर उमस का माहौल बना हुआ है। बीते दिन प्रदेश के कई हिस्सो में बारिश हुई है, पश्चिमी यूपी के जिलों में औसत बारिश की खबर है। मौसम विभाग के मुताबिक़ 27 जून को उत्तराखंड सटे जिलों में भारी बारिश का अनुमान है।

इस बीच लखनऊ में 35.4℃ तापमान रिकार्ड किया गया। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की ख़बरें हैं। पश्चिमी यूपी रामपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, लखीमपुर खीरी में औसत बारिश हुई है।

इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक़ अबतक तक़रीबन देश के लगभग 80 फीसदी भाग तक मानसून पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा सहित देश के ज्यादातर राज्यों में भारी बारिश हो रही है। हिमाचल प्रदेश में बादल फटने के साथ जगह-जगह भूस्खलन होने से चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे रविवार की रात से बंद है।

दिल्ली और मुंबई में एक साथ माॅनसून के आगमन की घटना 62 साल बाद देखने को मिली है। इसे एक रिकाॅर्ड बताया जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर में अभी भी उमस का माहौल है।

जम्मू-कश्मीर के अधिकतर इलाकों में भारी बारिश होने से कई इलाकों में बाढ़ की आशंका जताई जा रही है। कश्मीर को देश से जोड़ने वाले 250 किलोमीटर लंबे नेशनल हाईवे को भूस्खलन के चलते बंद किया गया है। जम्मू के कठुआ में सबसे ज्यादा 108.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है जबकि श्रीनगर में 26.8 मिमी बारिश हुई है।

उत्तराखंड में बारिश व भूस्खलन को देखते हुए छोटी बड़ी तकरीबन 43 सड़कें बंद की गई हैं। इनमें तीन स्टेट हाईवे, दो मुख्य जिला मार्ग, एक अन्य जिला मार्ग और 37 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। पिथौरागढ़ में लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने 30 जून तक आदि कैलाश यात्रा पर रोक लगा दी है।

राजस्थान में मूसलाधार बारिश जारी है। अलवर और राजसमंद जिलों में 10 सेंटीमीटर तक बारिश हुई है।
महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भी खासी बारिश होने की ख़बरें हैं। इस बीच यहाँ कई छोटे बड़े हादसे भी हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *