चीनी आक्रमकता के सामने मोदी का समर्पण,राहुल का आरोप

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कड़ा हमला करते हुए शनिवार को कहा कि चीनी घुसपैठ पर सर्वदलीय बैठक में दिया गया श्री मोदी का बयान साबित करता है कि चीनी आक्रमकता के सामने उन्होंने समर्पण कर दिया है। गांधी ने ट्वीट किया ‘प्रधानमंत्री ने चीनी आक्रामकता के समक्ष भारतीय क्षेत्र का समर्पण कर दिया है।’

उन्होंने मोदी से तीखे सवाल किए और जानना चाहा ‘यदि भूमि चीनी थी तो हमारे सैनिकों को क्यों मारा गया और वे जाबाज कहां मारे गए थे।’ इसके साथ ही उन्होंने एक खबर पेस्ट की है जिसमें मोदी के सर्वदलीय बैठक में दिए गए उस बयान को जारी किया गया है जिसमें वह कहते है कि ना कोई हमारी सीमा में घुसा और ना ही किसी ने हमारी चौकी पर कब्ज़ा किया है।

 

बता दें कि शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गलवान में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प को लेकर भारतीय सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि-अब यह स्पष्ट हो गया है कि: 1. गलवान में चीनी हमला पूर्व नियोजित था। 2. भारत सरकार सो रही थी और उसने समस्या से इनकार कर दिया था। 3. इसकी कीमत हमारे शहीद जवानों को चुकानी पड़ी।

 

गौरतलब है कि बीते 15 जून की रात गलवान घाटी में चीनी और भारतीय सेना की झड़प में चीन के 40 से ज्यादा जवान या तो घायल हुए या मारे गए। वहीं भारत केे 20 जवान शहीद हुए। सैन्य सूत्रों ने जानकारी दी कि इससे पहले पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में हिंसक झड़प वाले स्थान के पास भारत और चीन की सेनाओं के डिविजनल कमांडरों के बीच बैठक बेनतीजा रही।

मेजर जनरल स्तरीय बातचीत में गलवान घाटी से सैनिकों के पीछे हटने की प्रक्रिया को लागू करने पर चर्चा हुई । छह जून को दोनों पक्षों के बीच उच्च स्तरीय सैन्य वार्ता में इसी पर सहमति बनी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *