भारतीय सेना ने आज रात पाकिस्तान के 9 ठिकानों पर हमला किया। पहलगाम घटना के जवाब में भारतीय सेना ने लश्कर और जैश के ठिकानों पर बमबारी की। सेना ने रात 1.30 बजे करीब 24 मिसाइलें दागीं। भारत की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ किए गए इस हमले को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को आज यानी 7 मई को मॉक ड्रिल किए जाने के आदेश दिए गए हैं।
उत्तर प्रदेश में भी आज केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। लखनऊ में शाम 7 बजे मॉक ड्रिल होगी। प्रदेश के 19 जिलों में आज तय टाइम के मुताबिक ऐसा किया जाएगा और सायरन बजाया जाएगा। इसका मक़सद हवाई हमले, ड्रोन अटैक, मिसाइल हमले के हालात से निपटने तथा नागरिकों को सचेत करना है।
सिविल डिफेंस लखनऊ के चीफ वॉर्डन अमरनाथ मिश्र ने मीडिया को दी जानकारी में बताया कि आज ब्लैक आउट की मॉक ड्रिल की जाएगी। शाम 7 बजे पुलिस लाइंस और इसके आसपास के इलाकों में ब्लैक आउट कर लाइव डेमो दिया जाएगा।
प्रशासन की तत्परता को परखने के लिए उत्तर प्रदेश के मेरठ, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर, बरेली, बुलंदशहर, संभल सहित 15 जिलों में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल किया जाएगा।
बताते चलें कि 1971 के बाद यह पहला अवसर है जब मॉक ड्रिल हो रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, ‘मॉक ड्रिल’ एक सप्ताह तक जारी रहेगा और इसे गांव स्तर पर भी किया जाएगा।
कश्मीर घाटी के छह जिलों में आज ‘मॉक ड्रिल’ की जाएगी। यह ‘ड्रिल’ कश्मीर के अनंतनाग, बडगाम, बारामूला, कुपवाड़ा, श्रीनगर, उरी (बारामुल्ला जिले में) और अवंतीपोरा (पुलवामा जिले में) में होगी।
झारखंड के पांच जिलों तथा मध्य प्रदेश के भोपाल और इंदौर के भी पांच जिलों में ‘मॉक ड्रिल’ की जाएगी। जबकि पंजाब में 20 स्थानों पर आज ‘मॉक ड्रिल’ होगी। गुजरात के 13 जिलों में 19 स्थानों पर बुधवार को ‘मॉक ड्रिल’ की जाएगी। बिहार के पांच जिलों में मॉक ड्रिल होगी। इस दौरान ओडिशा के 12 जिलों में जबकि कर्नाटक के बेंगलुरू, कारवार और रायचूर में भी आज ‘मॉक ड्रिल’ की जाएगी। ख़बरों से पता चला है कि महाराष्ट्र के पुणे में ‘सिविल डिफेंस’ अधिकारियों ने मंगलवार को शहर भर में लगाए गए करीब 75 सायरन का परीक्षण किया।
भारत और पाकिस्तान के बीच बनी मौजूदा स्थिति को देखते हुए दोनों ही देशों में कुछ इलाकों में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। अधिकारियों ने घोषणा की है कि कश्मीर के जम्मू, साम्बा, कठुआ, राजौरी और पुंछ क्षेत्रों में सभी स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान आज बंद रहेंगे।













