क्रिसमस के मौके पर थिएटर में हॉलीवुड फिल्म ‘एनाकोंडा’ रिलीज हुई। जबकि इससे पहले से जेम्स कैमरून की हॉलीवुड फिल्म ‘अवतार-फायर एंड ऐश’ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर दस्तक दे चुकी है।

हॉलीवुड फिल्में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन शुरुआती दिनों में करती हैं। ओपनिंग डे पर हालिया रिलीज ‘अवतार-फायर एंड ऐश’ ने 19 करोड़ रुपये से शुरुआत की थी। सैकनिल्क से प्राप्त शुरुआती आंकड़ों के अनुसार फिल्म ‘एनाकोंडा’ ने पहले दिन 1.64 करोड़ रुपये की कमाई की है। फिल्म का कुल कलेक्शन भी इतना ही है। इस तरह हॉलीवुड फिल्म ‘अवतार-फायर एंड ऐश’ से भी कमाई के मामले में ‘एनाकोंडा’ काफी पिछड़ गई।
इसी बीच रिलीज कार्तिक आर्यन की फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी’ ने पहले दिन 5.5 करोड़ रुपये की कमाई की है। इस तरह यह फिल्म हॉलीवुड मूवी ‘एनाकोंडा’ से कलेक्शन के मामले में बाजी मार गई। इस तरह ‘अवतार-फायर एंड ऐश’ ने भी गुरुवार को यानी रिलीज के सातवें दिन 14.16 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।
लेटेस्ट ‘एनाकोंडा (2025)’ फिल्म में पॉल रुड, जैक ब्लैक, स्टीव जान, थैंडीवे न्यूटन, डेनिएला मेल्चियर और सेल्टन मेलो जैसे कलाकार हैं। फिल्म को टॉम गोर्मिकन ने डायरेक्ट किया है। इसके राइटर टॉम गोर्मिकन और केविन एटन हैं।
फिल्म ‘एनाकोंडा’ चार दोस्तों की कहानी है। ये दोस्ती बचपन से लेकर जवानी तक बरकरार रही है। ऐसे में सभी दोस्त साथ मिलकर अमेजन के जंगल में जाते हैं और 1997 की फिल्म ‘एनाकोंडा’ का रीमेक बनाना चाहते हैं। यहाँ समस्या तब आती है, जब असल में एक एनाकोंडा से इनका सामना होता है। फिल्म की शुरुआत कॉमेडी से होकर थ्रिलर और एक्शन में बदल जाती है। फिल्म को लेकर मिले जुले रिव्यु आ रहे हैं। फिलहाल यह तो समय ही बताएगा कि यह फिल्म दर्शकों की नज़र में क्या रेटिंग पा सकी है।










