महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने एक डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया है। ‘पंखुड़ी’ नाम के इस एकीकृत कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व वाले पोर्टल का उद्देश्य महिला एवं बाल विकास पहलों में समन्वय, पारदर्शिता और हितधारकों की सुनियोजित भागीदारी को सुदृढ़ करना है।

डिजिटल पोर्टल पंखुड़ी को सिंगल विंडो डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है। यह महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में कार्यरत व्यक्तियों, अनिवासी भारतीयों (एनआरआई), गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ), कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योगदानकर्ताओं, कॉर्पोरेट संस्थाओं और सरकारी एजेंसियों को एक साथ लाता है।
अनुमान के मुताबिक़, इससे 14 लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों, पांच हजार बाल देखभाल संस्थानों, लगभग 800 वन स्टॉप सेंटरों (ओएससी), 500 से अधिक शक्ति निवासों और 400 से अधिक शक्ति सदनों के माध्यम से प्रदान की जा रही बुनियादी ढांचे और सेवाओं में सुधार होगा।
पोर्टल का शुभारंभ केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने किया। इसका मकसद लोगों के जीवन को सरल बनाना है। यह पोर्टल पोषण एवं स्वास्थ्य सहित प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई), बाल कल्याण, संरक्षण एवं पुनर्वास तथा महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण जैसे प्रमुख विषयगत क्षेत्रों में स्वैच्छिक और संस्थागत योगदानों को सुव्यवस्थित एवं एकीकृत करता है।
पोर्टल महिलाओं और बच्चों के कल्याण तथा सशक्तिकरण के उद्देश्य से की गई पहलों के बेहतर कार्यान्वयन, निगरानी और जवाबदेही का समर्थन करता है। साथ ही यह सीएसआर और स्वैच्छिक योगदान के लिए सामान्य डिजिटल इंटरफेस प्रदान करके हितधारकों के बीच संयोजन और समन्वय को बढ़ाता है।
पंखुड़ी पोर्टल का शुभारंभ देश भर में महिलाओं और बच्चों के समावेशी, सहयोगात्मक और परिणामोन्मुखी विकास के लिए डिजिटल समाधानों का लाभ उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।














