मनोज बाजपेयी अगले महीने सितंबर में एक नई क्राइम थ्रिलर फिल्म लेकर आ रहे हैं। इस फिल्म का नाम है ‘इंस्पेक्टर जेंडे’। हालांकि इन दिनों मनोज बाजपेयी और ओटीटी के दर्शकों को उनकी ‘द फैमिली मैन सीजन 3’ का इंतजार है। इस बीच गुरुवार को उनकी एक नई फिल्म की रिलीज डेट सामने आई है।

यह फिल्म सीधे ओटीटी पर रिलीज हो रही है। इस नई क्राइम थ्रिलर मूवी ‘इंस्पेक्टर जेंडे’ का मेकर्स ने फर्स्ट पोस्टर रिलीज कर दिया है। इसमें मनोज बाजपेयी के साथ जिम सर्भ नजर आएंगे। पोस्टर से एक खबर का हवाला मिल रहा है। अखबार की शक्ल में नज़र आते इस पोस्टर से पता चलता है कि इसमें चोर-पुलिस का मजेदार रोमांचक खेल होने वाला है।
ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है- ‘चोर-पुलिस का खेल अब शुरू होगा। इंस्पेक्टर जेंडे अब ड्यूटी पर आ रहे हैं।’ पोस्टर में नज़र आने वाली अखबार में लिखा है, ‘जेंडेबाद! क्या स्विमसूट किलर को पकड़ पाएंगे इंस्पेक्टर?’
वैसे तो अभी तक इस फिल्म के प्लॉट या कहानी को लेकर मेकर्स ने कोई खुलासा नहीं किया है। लेकिन कथित तौर पर, ‘इंस्पेक्टर जेंडे’ में 70 और 80 के दशक की मुंबई की कहानी है।
पोस्टर में नज़र आने वाले अखबार की खबर से पता चलता है कि यह कुख्यात स्विमसूट किलर की कहानी है, जो तिहाड़ जेल से भाग जाता है। एक ईमानदार और साहसी पुलिस अधिकारी के रूप में जेंडे उसे हर कीमत पर पकड़ना चाहता है। इसमें दो अलग-अलग घटनाएं दिखाई जाएंगी। पहली 1971 में दक्षिण मुंबई के फोर्ट इलाके में और दूसरी 1986 में गोवा के एक रेस्तरां में।
यह क्राइम थ्रिलर 5 सितंबर, 2025 को ओटीटी पर रिलीज होगी। इस फिल्म में इंस्पेक्टर मधुकर जेंडे के लीड रोल में हैं, वहीं जिम सर्भ कुख्यात ‘स्विमसूट किलर’ कार्ल भोजराज की भूमिका में नजर आएंगे। अन्य कलाकारों में भालचंद्र कदम, सचिन खेडेकर, गिरिजा ओक और हरीश दुधाड़े शामिल हैं। फिल्म के प्रोड्यूसर ओम राउत हैं। फिल्म के को-प्रोड्यूसर जय शेवक्रमणी हैं। निर्माताओं ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है कि यह फिल्म 5 सितंबर, 2025 को ओटीटी पर रिलीज होगी।














