Lalu Yadav ने कहा यूपी में बीजेपी का बिहार से ज्यादा बुरा हाल होगा

पटना। नोटबंदी को लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार निशाना साध रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने यहां सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का बिहार से ज्यादा बुरा हाल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में होने वाला है। उन्होंने नरेंद्र मोदी से पूछा कि 50 दिनों के बाद किस चौराहे पर उनको सजा दी जानी चाहिए? Lalu Yadav

Lalu Yadav modi

पटना में नोटबंदी के खिलाफ 28 दिसंबर को राजद के महाधरना कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद संवाददाताओं से चर्चा करते हुए लालू ने कहा, नोटबंदी के बाद प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने कहा था कि 50 दिनों में स्थिति नहीं सुधरी तब चौराहे पर जो सजा दी जाएगी वह कबूल करेंगे।

बता दें कि 13 नवम्बर को गोवा में एक कार्यक्रम के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी कहा था कि अगर 50 दिनों में स्थिति नहीं सुधरी तो उन्हें जो भी सजा दी जाएगी वह उसे स्वीकार करेंगे। लालू प्रसाद यादव ने कहा कि अब उन्हें बताना चाहिए कि किस चौराहे पर उनको सजा दी जानी चाहिए? इसके अलावा लालू प्रसाद ने शिवसेना के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि शिवसेना ने उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर बिल्कुल सही बयान दिया है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी फिर विजयी होगी और भाजपा प्रदेश में कहीं नहीं दिखेगी।

शिवसेना ने भाजपा को नसीहत देते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर भाजपा मदमस्त हाथी नहीं बने। उत्तर प्रदेश का इतिहास रहा है कि जब जब सत्ताधारी मस्ती में आए हैं तो जनता ने तब तब उन्हें सिंहासन से उतार फेंका है। नोटबंदी को लेकर लालू इससे पहले भी कई बार पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साध चुके हैं। उल्लेखनीय है कि नोटबंदी के विरोध में राजद ने राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में 28 दिसंबर को महाधरना देने की घोषणा की है।

www.naqeebnews.com

# Lalu Yadav

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *