भारतीय मूल के जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क सिटी के नए मेयर चुन लिए गए हैं। उन्होंने निशुल्क बस सेवा, किराए को तुरंत फ्रीज करना और सस्ती चाइल्डकेयर जैसी योजनाओं का वादा किया है। इस चुनाव में ममदानी उन्होंने पूर्व गवर्नर एंड्रयू क्योमो और रिपब्लिकन कर्टिस स्लिवा को हराया है। उनकी जीत को अमरीका में प्रवासी भारतीय समुदाय के लिए गर्व का पल माना जा रहा है।

फिल्ममेकर मीरा नायर और महमूद ममदानी के बेटे और भारतीय मूल के डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क सिटी मेयर का चुनाव जीतने के साथ अमरीका के न्यूयॉर्क शहर में एक ऐतिहासिक राजनीतिक बदलाव की पटकथा लिखी है।
जोहरान ममदानी ने चुनाव जीतने के बाद मेयर के रूप में न्यूयॉर्क में कई बड़े बदलाव की बात कही है। उन्होंने ऐलान किया कि वे सभी ‘रेंट स्टेबलाइज्ड टेनेंट्स’ के किराए को तुरंत फ्रीज करेंगे और हर संभव संसाधन का इस्तेमाल कर सस्ते मकानों का निर्माण करवाएंगे ताकि आम लोगों का किराया बोझ घटाया जा सके। उन्होंने तेज और फ्री बस सेवा का आश्वासन देते हुए कहा कि पूरे शहर में बस किराया पूरी तरह खत्म किया जाएगा। साथ ही बसों के लिए प्राइमरी लेन और ‘लोडिंग जोन’ बनाए जाएंगे ताकि सड़क पर डबल पार्किंग से होने वाली दिक्कतें खत्म हों।
ज़ोहरान न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर हैं। इस जीत को डोनाल्ड ट्रंप के लिए बड़ा झटका बताया जा रहा है। दरअसल वह लगातार ममदानी का विरोध कर रहे थे। इस चुनाव में अमरीकी राष्ट्रपति ने उन्हें धमकी दी थी कि अगर ममदानी जीते तो न्यूयॉर्क की फंडिंग रोक देंगे।
बुधवार को घोषित परिणामों में ममदानी ने अपने दोनों प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए बड़ी जीत दर्ज की। जोहरान ममदानी ने पूर्व न्यूयॉर्क गवर्नर एंड्रयू क्योमो, जो एक स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे थे, और रिपब्लिकन प्रत्याशी कर्टिस स्लिवा को हराया है। मौजूदा मेयर एरिक एडम्स ने सितंबर में ही चुनावी दौड़ से अपना नाम वापस ले चुके हैं।
न्यूयॉर्क में मंगलवार सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक होने वाले मतदान को खास इसलिए भी माना जा रहा था क्योंकि यह डोनाल्ड ट्रंप की दूसरी राष्ट्रपति अवधि के दौरान हुआ पहला बड़ा चुनाव था।
युगांडा में जन्मे 34 वर्षीय जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क सिटी में पले-बढ़े हैं। खुद को डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट के रूप में परिचित कराने वाले ज़ोहरान न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली के सदस्य हैं।
जोहरान मशहूर भारतीय फिल्ममेकर मीरा नायर और युगांडा के भारतीय मूल के लेखक महमूद ममदानी के बेटे हैं। उनकी जीत को अमरीका में प्रवासी भारतीय समुदाय के लिए गर्व का पल माना जा रहा है।













