यह पहला अवसर है जब भारत वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप की मेजबानी करेगा। इस चैम्पियनशिप का आयोजन नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा।

वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप 2025 का आयोजन 27 सितंबर से 5 अक्टूबर होगा। यह देश में अब तक आयोजित होने वाला सबसे बड़ा पैरा-खेल आयोजन होगा। इसमें 104 देशों से करीब ढाई हज़ार से अधिक पैरा-एथलीट और सपोर्ट स्टाफ हिस्सा लेंगे। इस प्रतियोगिता में अमरीका सहित जर्मनी, इंग्लैंड, कनाडा, ब्राजील, फ्रांस, स्पेन, जापान, मैक्सिको, तुर्की, पोलैंड, ऑस्ट्रेलिया और चीन समेत कई देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे।
चैम्पियनशिप के दौरान पुरुष, महिला और मिक्स श्रेणी में कुल 186 पदक मुकाबले खेले जाएंगे। आयोजन समिति का कहना है कि इस टूर्नामेंट की बदौलत न केवल बेहतरीन पैरा-एथलीटों को एक साथ लाया जा सकेगा बल्कि साहस और समावेशिता की अनोखी मिसाल भी सामने आएगी।
इन खेलों के लिए दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम को अत्याधुनिक सुविधाओं और उन्नत दिव्यांग-अनुकूल (एक्सेसिबल) व्यवस्थाओं से लैस किया गया है। पैरा ओलंपिक समिति की प्रमुख संरक्षक (चीफ पैट्रन) वनाति श्रीनिवासन ने इस संबंध में कहा- “नई दिल्ली में वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप की मेजबानी केवल खेल तक सीमित नहीं है। यह पैरा-एथलीटों की अदम्य शक्ति और साहस को सामने लाने का अवसर है। यह आयोजन लाखों लोगों को प्रेरित करेगा, भारत की आयोजन क्षमता को दुनिया के सामने रखेगा और भविष्य के कई चैंपियनों के सपनों को पंख देगा।”
वनाति श्रीनिवासन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें चैम्पियनशिप के उद्घाटन समारोह में शिरकत के लिए आमंत्रित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की पैरा-खेल दृष्टि का समर्थन करते हुए इस आयोजन को खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया।













