नई सिरीज ‘राख’ थ्रिलर और ट्विस्ट के साथ बेहद इमोशनल दास्तान भी है- मेकर्स

प्राइम वीडियो ने जिस नई सिरीज़ की घोषणा की है, उसका नाम है ‘राख’। यह इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर अपराध और न्याय के बीच की मनोवैज्ञानिक जटिलताओं को सामने लाएगी।

नई सिरीज 'राख' थ्रिलर और ट्विस्ट के साथ बेहद इमोशनल दास्तान भी है- मेकर्स

इसका शीर्षक इसके दमदार होने की गवाही दे रहा है। सिरीज़ में अली फजल, सोनाली बेंद्रे और आमिर बशीर लीड रोल में नजर आने वाले हैं। राख साल 2026 में प्राइम वीडियो पर रिलीज़ होगी। खबर है कि इसे एक साथ 240 से ज़्यादा देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम किया जाएगा।

प्राइम वीडियो इंडिया के डायरेक्टर और ओरिजिनल्स हेड निखिल माधोक का कहना है कि राख बाहर से देखने पर एक थ्रिलर लगती है, जिसमें ढेर सारे ट्विस्ट और ड्रामा है, लेकिन असल में यह बहुत ही इमोशनल कहानी है, जो लोगों के दिल में तब भी रहेगी जब वे इसे देख चुके होंगे।

इसे अब तक की सबसे मजबूत कहानियों में से एक बताते हुए निखिल कहते हैं कि उनकी कोशिश रही है कि वह प्राइम वीडियो पर हमेशा नई और अलग कहानियां ला सकें। इस सिरीज़ को लोगों के सामने लेन का उन्हें बेसब्री से इंतजार है।

राख पर एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर और डायरेक्टर प्रोसित रॉय कहते हैं कि एक फिल्ममेकर के तौर पर वह ऐसी कहानियां बनाना पसंद करते हैं जो सिर्फ एंटरटेन न करें, बल्कि सोचने पर भी मजबूर करें। उनके मुताबिक़, राख वैसी ही कहानी है। यह एक गहरी दुनिया दिखाती है, जहां इंसान की असली फितरत और उसके अलग-अलग रंग सामने आते हैं।

उन्होंने आगे कहा, अनुषा और संदीप ने ऐसी स्टोरी लिखी है जो सही और गलत के बीच के धुंधले हिस्से, न्याय और माफी जैसे मुद्दों पर बात करती है, साथ ही यह दर्शकों को शुरू से अंत तक जोड़े रखती है।

प्रोसित ने कहा, ‘प्राइम वीडियो के सपोर्ट और हमारी कास्ट अली फजल, सोनाली बेंद्रे और आमिर बशीर की शानदार एक्टिंग ने इस कहानी को और गहराई दी है, मुझे बहुत खुशी है कि हम इस दमदार और सोचने पर मजबूर करने वाली सीरीज को दुनिया भर के लोगों तक पहुंचाने जा रहे हैं’।

इस सिरीज को एंडेमोलशाइन इंडिया और गुलबदन टॉकीज ने प्रोड्यूस किया है। प्रोसित रॉय ने इसके निर्देशन की ज़िम्मेदारी संभाली है। राख को बनाने, लिखने और को-डायरेक्ट करने का काम अनुषा नंदकुमार और संदीप साकेत ने किया है। इसके डायलॉग आयुष त्रिवेदी ने लिखे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *