भारत सरकार ने अपने नागरिकों को अगली सूचना तक ईरान की गैर-ज़रूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय ने ईरान में मौजूदा हालात को देखते हुए सोमवार को इस संबंध में एक आधिकारिक एडवाइजरी जारी की है।

भारतीय नागरिक और भारतीय मूल के लोग, जो ईरान में रह रहे हैं, उन्हें पूरी सतर्कता बरतने को कहा गया है। एडवाइजरी में कहा गया है कि किसी भी तरह के प्रदर्शन या विरोध-प्रदर्शन वाले इलाकों से दूर रहने के साथ स्थानीय हालात पर नजर रखें। साथ ही भारतीय दूतावास सहित तेहरान की वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल्स से जारी सूचनाओं पर ध्यान देने की अपील भी की गई है।
विदेश मंत्रालय ने उन भारतीय नागरिकों से अपील की है जो ईरान में रेजिडेंट वीजा पर रह रहे हैं। मंत्रालय का कहना है कि वे यदि पहले से पंजीकृत नहीं हैं तो तुरंत भारतीय दूतावास में अपना पंजीकरण कराएं।
बताते चलें कि ईरान के कई शहरों में राष्ट्रीय मुद्रा रियाल के तेज़ी से गिरने के खिलाफ बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हो रहे हैं। इन प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच मुठभेड़ की भी सूचनाए मिली हैं। ऐसे में ईरान के कई प्रांतों में मौतों की खबरें भी सामने आई हैं।
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हालात के मद्देनज़र ईरान को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि अगर वहां की सरकार प्रदर्शनों को कुचलने के लिए हिंसा का इस्तेमाल करती है, तो अमरीका कड़ी प्रतिक्रिया कर सकता है।
अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, “हम इस पर नजर रखे हुए हैं। हम हालात को बहुत करीब से देख रहे हैं।” उन्होंने साफ तौर पर कहा कि अगर ईरानी प्रशासन ने नागरिकों की हत्या शुरू की, तो अमरीका की ओर से कड़ा कदम उठाया जा सकता है।
ट्रंप ने यह भी जताया है कि अमरीका, ईरान के अंदर हो रहे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखे हुए है और सभी विकल्पों पर विचार कर रहा है। उनका कहना है कि अगर वे लोगों को मारना शुरू करते हैं, जैसा कि उन्होंने पहले किया है, तो अमरीका की तरफ से बहुत सख्त प्रतिक्रिया होगी।












