गिरते तापमान और बर्फीली हवा के चलते प्रदेश के कई जनपदों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। सोमवार को इस सर्दी ने बीते 12 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इटावा में न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 2.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक इसी तरह की ठंड रहने की चेतावनी दी है।

यूपी में भीषण सर्दी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने कई जिलों में कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में आज स्कूल बंद रहेंगे। अभी तक मुख्यमंत्री योगी ने 5 जनवरी तक सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया था। मगर अब अलग-अलग जिलों में स्कूलों को बंद करने का ऐलान किया है। इस बीच कुछ जिलों में नवीं से लेकर बारहवीं तक के क्लास जारी रहेंगे।
ठंड ने राजधानी लखनऊ में इस सीजन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सोमवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री कम है। इससे पहले 3 जनवरी को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहा था। बीते दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं की वजह से बेअसर रही। गलन के कारण लोगों को ठंड से कोई खास राहत नहीं मिल पाई है।
राजधानी लखनऊ में भी ठंड को देखते हुए स्कूलों के लिए निर्देश जारी हुए हैं। निर्देश के मुताबिक आठवीं तक विद्यालय आठ जनवरी तक बंद रहेंगे। नौवीं से बारहवीं तक सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक पढ़ाई होगी।
बरेली में प्री नर्सरी से 12वीं कक्षा तक स्कूल 10 जनवरी तक बंद करने का ऐलान किया गया है। यहाँ अत्यधिक सर्दी शीत लहर कोहरा की वजह से स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। बताते चलें कि सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड समेत सभी बोर्ड के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
प्रयागराज में बढ़ती सर्दी, शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए जिले में आठवीं तक के स्कूल 15 तक जनवरी तक बंद रहेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) पीएन सिंह ने इस संबंध में सोमवार को आदेश जारी किया।
चंदौली में ठंड के कारण कक्षा 1 से 8 तक की स्कूल बंद हैं जबकि 9 से 12 तक की कक्षाएं संचालित होंगी। गोरखपुर मे भी भीषण ठंड एवं शीतलहरी के दृष्टिगत 8वीं तक के विद्यालय 6 तथा 7 जनवरी 2026 को बन्द रखने का आदेश दिया हैं।
इसके अलावा जौनपुर जिले में कक्षा 1 से लेकर कक्षा 8वीं तक के स्कूल बंद किए गए हैं। यहाँ भी सभी बोर्डों के स्कूल को सात जनवरी तक बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं।
बता दें कि उत्तर प्रदेश में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते रविवार को कानपुर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इटावा में सोमवार को प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां सर्दी ने सोमवार को बीते 12 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वहीं बहराइच में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
पश्चिमी यूपी और तराई के कई जिलों में कड़ाके की ठंड जारी है। घने कोहरे के साथ गलन भरी पछुआ हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। जिन इलाकों में धूप निकली, वहां भी ठंड का असर बना रहा। मौसम विभाग की ओर से मंगलवार के लिए देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर और बलरामपुर जिलों के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
