यूपी पर मोंथा तूफान का असर, दो दिन तक रहेगा बरसात का मौसम

बंगाल की खाड़ी से उठने वाले मोंथा तूफान का असर अब उत्तर प्रदेश को अपनी चपेट में ले चुका है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले दो दिन भारी बारिश होने और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलनेकी बात भी विभाग ने कही है।

यूपी पर मोंथा तूफान का असर, दो दिन तक रहेगा बरसात का मौसम

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिम के जिलों में बीते दिन गरज चमक के साथ बारिश हुई और तेज रफ्तार हवाएं भी चलती रहीं। बारिश से अधिकतम तापमान में 5 से लेकर 8 डिग्री सेल्सियस तक कमी आई है। वहीं रात का तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है।

लखनऊ में बुधवार को सुबह से ही कई स्थानों पर बादल छाए रहे और बूंदाबांदी हुई। दिन में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलती रही। दिन में कुछ स्थानों पर आसमान साफ रहा और धूप खिली. अधिकतम तापमान में मंगलवार के मुकाबले दो डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई।

लखनऊ में आज के मौसम की बात करें तो यहाँ सुबह से ही बादल के साथ रिमझिम बारिश जारी है। बादलों की वजह से हल्का अंधेरा है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि आज लखनऊ में बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 27 व न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में बीते दिन अनुमानित बारिश 0.2 मिमी के सापेक्ष 1.4 मिमी रिकॉर्ड की गई जो समान्य से 578% अधिक है। इस बीच पहली अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश में अनुमानित बारिश 28 मिलीमीटर के सापेक्ष 48 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई जो सामान्य से 75% अधिक है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक़, मोंथा तूफान का असर अब उत्तर प्रदेश पर पड़ रहा है। यहाँ 30 व 31 अक्टूबर को प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आज प्रदेश के 33 जिलों में गरज चमक के साथ बारिश और तेज रफ्तार हवा चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने यूपी के 33 जिलों में बिजली गिरने के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, बांदा, फतेहपुर, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर समेत 33 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कल भी भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। पहली नवंबर से तूफान का असर कुछ कम होगा और 2 नवंबर से मौसम शुष्क होना शुरू हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *