तकरीबन चार दशक तक टीवी और फिल्मों में अपने अभिनय के दम पर दर्शकों का मनोरंजन करने वाले सतीश शाह ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनकी मौत के बाद फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने प्रधानमंत्री मोदी को खत लिखकर सतीश शाह के लिए पद्म श्री दिए जाने की अपील की है।

संस्था की तरफ से लिखे गए इस पत्र में संगठन ने लिखा, ‘स्वर्गीय सतीश शाह बहुत ही प्रतिभाशाली कलाकार थे, जिनके काम ने हमारे देशभर के लाखों लोगों का दिल जीता।’ इस पत्र में सतीश शाह को भारतीय सिनेमा और टेलीविजन में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए मरणोपरांत यह सम्मान देने की पुरजोर सिफारिश की गई है।
पत्र में आगे लिखा कि अभिनय के अलावा सतीश शाह एक दयालु और करुणामयी व्यक्ति थे। वह हमेशा साथी कलाकारों, तकनीशियनों और पूरी बिरादरी को प्रोत्साहित करते थे। श्रमिक समुदाय द्वारा उनका गहरा सम्मान किया जाता था। सतीश शाह ने एफडब्ल्यू आईसीई की कई कल्याणकारी पहलों का उदारता और शालीनता से समर्थन किया।
सतीश शाह के अभिनय की बात करें तो उन्हें ‘ये जो है जिंदगी’, ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’, ‘जाने भी दो यारो’, और ‘मैं हूं ना’ जैसी यादगार फिल्मों और टीवी शोज के लिए हमेशा याद रखा जाएगा।
बताते चलें कि फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज 36 संघों तथा भारतीय फिल्म, टेलीविजन और डिजिटल उद्योग के विशाल कार्यबल का प्रतिनिधित्व करता है।
