महिला विश्व कप 2025 के लिए आईसीसी ने कई गुना बढ़ाई पुरस्कार राशि

आईसीसी यानी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने महिला विश्व कप 2025 के लिए रिकॉर्ड पुरस्कार राशि का विवरण प्रस्तुत कर दिया है। इस बार यह पिछली पुरस्कार राशि से कई गुना ज्यादा है।

महिला विश्व कप 2025 के लिए आईसीसी ने कई गुना बढ़ाई पुरस्कार राशि

भारत और श्रीलंका में होने वाले महिला वर्ल्ड कप में इस वर्ष 13.88 मिलियन डॉलर की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। यह राशि करीब 122.55 करोड़ रुपये होती है। बताते चलें कि 2022 में न्यूजीलैंड में आयोजित पिछले वर्ल्ड कप में ये राशि 3.5 मिलियन डॉलर थी। पिछली राशि को देखते हुए इस साल की पुरस्कार राशि में 297 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है।

पुरस्कार राशि दो साल पहले भारत में आयोजित आईसीसी पुरुष विश्व कप की पुरस्कार राशि 10 मिलियन डॉलर से भी अधिक है। आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने इस पुरस्कार राशि को महिला क्रिकेट के सफर में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया है।

विजेता टीम को महिला क्रिकेट विश्व कप के 13वें संस्करण की 4.48 मिलियन डॉलर (39.55 करोड़) की पुरस्कार राशि मिलेगी, जो 2022 में विजेता टीम को दी गई 1.32 मिलियन डॉलर की पुरस्कार राशि से 239 प्रतिशत अधिक है।

उपविजेता टीम को 2.24 मिलियन डॉलर (19.77 करोड़) दिए जाएंगे। हारने वाली दोनों सेमीफाइनलिस्ट टीमों को 1.12 मिलियन डॉलर (9.88 करोड़) दिए जाएंगे।

प्रत्येक ग्रुप चरण की जीत पर विजयी टीम को 34,314 डॉलर दिए जाएंगे। जबकि अंक तालिका में, पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमों को 700,000 डॉलर और सातवें और आठवें स्थान पर रहने वाली टीमों को 280,000 डॉलर दिए जाएंगे।

महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 का आगाज़ 30 सितंबर को भारत और श्रीलंका के बीच गुवाहाटी में होने वाले पहले मैच से होगा। इस टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और बांग्लादेश शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *