उत्तर भारत सहित देश के अधिकांश भागों में गर्मी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। मार्च में 121 वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ने वाली गर्मी ने अप्रैल में भी तपिश का रिकॉर्ड बना दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक़ इस साल अप्रैल महीने में देश के मध्य व उत्तर पश्चिमी हिस्सों में दर्ज किया गया तापमान पिछले 122 सालों में सबसे अधिक रहा है। इसके अलावा देशभर में मई का महीना भी शिद्दत की गर्मी के संकेत दे रहा है।
इस बीच मौसम विभाग की ओर से मई महीने में अच्छी बारिश की उम्मीद जताई गई है। मौसम विभागसे मिली जानकारी के मुताबिक़ उत्तर भारत में दिल्ली, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस ज़्यादा रहा।
पिछले 2 महीने (मार्च और अप्रैल) देश के मध्य हिस्सों में हमने देखा कि तापमान सामान्य तापमान से ज़्यादा रहा। दिल्ली, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश में तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस ज़्यादा रहा: डॉ. एम महापात्रा,मौसम विज्ञान के महानिदेशक,IMD pic.twitter.com/lOZpxLFLTa
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 30, 2022
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम व उत्तर पूर्वी इलाकों तथा दक्षिण पूर्वी प्रायद्वीप को छोड़कर मई में देश में लगभग सभी हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग मई महीने में 61.4 मिलीमीटर बारिश को सामान्य का दर्जा देता है।
विभाग के अनुसार दो मई के करीब पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में बारिश के आसार हैं। उत्तर पश्चिम भारत और मध्य भारत में भीषण गर्मी के बीच पूर्वोत्तर क्षेत्र, केरल, तमिलनाडु के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। ऐसे में 2 मई से उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाले एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की उम्मीद है। इसके साथ ही 3 और 4 मई के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश की उम्मीद मौसम विभाग द्वारा की गई है।