कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने छठे दिन भी शानदार प्रदर्शन जारी रखा। गुलवीर सिंह ने 10 हजार मीटर में तो हरजिंदर कौर ने 69 किग्रा वर्ग में कुल 227 किग्रा वजन उठाकर सिल्वर मेडल जीतने में सफलता हासिल की है।
ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में, गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीत लिया है। वे इस इवेंट में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए। महिलाओं के 69 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग इवेंट में हरजिंदर कौर ने भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता।
गुलवीर सिंह ने मौजूदा एशियाई चैंपियन ने स्कॉट्सटौन स्टेडियम में 27:49.78 का समय लिया और ऑस्ट्रेलिया के काई रॉबिन्सन के बाद दूसरे स्थान पर रहे। भारत के लिए दूसरा सिल्वर मेडल जीतने वाली 29 वर्षीय हरजिंदर कौर ने कुल 227 किलोग्राम वजन उठाकर यह मेडल हासिल किया, जो ग्लासगो में आठ वेटलिफ्टिंग इवेंट्स में भारत का सातवां मेडल था।
बताते चलें कि यह हरजिंदर कौर का लगातार दूसरा कॉमनवेल्थ गेम्स मेडल था; इससे पहले उन्होंने 2022 में बर्मिंघम में ब्रॉन्ज़ मेडल जीता था। इसके साथ ही, ग्लासगो गेम्स में भारत के कुल मेडल्स की संख्या 12 हो गई है, जिसमें दो गोल्ड, सात सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज़ मेडल शामिल हैं।
इस बीच, चार भारतीय मुक्केबाजों ने ब्रॉन्ज़ मेडल पक्का कर लिया है और सेमीफाइनल में मुकाबला करते हुए वे इसे सिल्वर या गोल्ड मेडल में बदलने की कोशिश करेंगे।
लवलीना बोरगोहेन ने महिलाओं के 75 किलोग्राम इवेंट में भारत के लिए पहला पक्का मेडल हासिल किया, जबकि प्रीति पवार महिलाओं के 54 किलोग्राम इवेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गईं।
प्रिया घांघस ने महिलाओं के 60 किलोग्राम क्वार्टर फाइनल मैच में स्कॉटलैंड की नियाम मिशेल को 4-1 से हराकर कम से कम ब्रॉन्ज़ मेडल पक्का कर लिया। जादुमनी सिंह मंडेन्गबाम भी पुरुषों के 55 किलोग्राम इवेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गए, जिससे भारत के लिए बॉक्सिंग मेडल्स की संख्या में इज़ाफ़ा तय है।
गौरतलब है कि ग्लासगो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में 23 जुलाई से 2 अगस्त तक 74 देशों और क्षेत्रों के एथलीट 10 खेलों में 645 मेडल के लिए मुकाबला करेंगे।