अमरीका में होने वाले मिड-टर्म इलेक्शन में रिपब्लिकन कैंडिडेट को सहयोग करने के लिए बहुत भारी राशि खर्च करने वाले अरबपति एलन मस्क को बड़ा झटका लगा है। चुनाव परिणामों के बाद टेस्ला (Tesla) और स्पेसएक्स (SpaceX) के शेयरों में गिरावट आई, जिससे मस्क की कुल संपत्ति में अरबों डॉलर की कमी दर्ज की गई। यही नहीं उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स से रिपब्लिकन समर्थन वाले कई पोस्ट डिलीट कर दिए हैं।
यूएस मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डेमोक्रेट्स के जीतने के बाद एलन मस्क की कंपनियों टेस्ला और स्पेसएक्स की वैल्यू में 120 बिलियन डॉलर से ज़्यादा की कमी हो गई, जबकि उनकी पर्सनल वेल्थ में भी अरबों डॉलर की कमी आई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इलेक्शन के नतीजे आने के बाद एलन मस्क की कंपनियों के शेयर दबाव में आ गए, टेस्ला के शेयर की कीमत 3.3 प्रतिशत और स्पेसएक्स के शेयर की कीमत 3.8 प्रतिशत गिर गई।
चुनाव के नतीजों के बाद, एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रिपब्लिकन पार्टी के सपोर्ट में अपने कुछ पोस्ट भी डिलीट कर दिए। उन्होंने चुनाव से पहले रिपब्लिकन उम्मीदवारों के सपोर्ट में एक पोस्ट किया था, जिसमें लिखा था ‘वोट रेड टुडे’। मस्क ने चुनाव के दिन वाला अपना यह पोस्ट और 29 अक्टूबर का एक पिन्ड पोस्ट हटा दिया है।एलन मस्क ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों को वोट देने की अपील करते हुए एक पोस्ट भी पिन किया था, डेमोक्रेट्स के जीतने के बाद ये पोस्ट हटा दिए गए।
चुनाव आयोग की फाइलिंग और मीडिया रिपोर्टों से पता चलता है कि मस्क अमरीकी आधुनिक राजनीतिक इतिहास के सबसे बड़े व्यक्तिगत राजनीतिक दानदाताओं में शामिल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि अमरीकी चुनाव में एलन मस्क की भूमिका केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रही। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवारों और कंजर्वेटिव संगठनों को सहयोग देने में करीब 458 मिलियन डॉलर खर्च किए।
जब यूज़र्स ने पोस्ट के गायब होने पर सवाल उठाया, तो मस्क के खुद के एआई चैटबॉट ग्रोक ने इसे सही बताया और कहा कि यह रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद हटाया गया है। ख़बरों में यह भी कहा गया है कि निवेशकों को डर था कि डेमोक्रेटिक पार्टी के मजबूत होने से डेटा सेंटर निर्माण और अन्य व्यावसायिक नियमों व मंजूरियों में देरी हो सकती है, जिसका असर मस्क की कंपनियों के शेयरों पर पड़ा।