असम के चुनावी संग्राम की पहली परीक्षा आज

गुवाहाटी 27 मार्च : असम विधानसभा के पहले चरण में 12 जिलों की 47 सीटों के लिए मतदान शनिवार सुबह सात बजे से शुरू हो गया। मतदान के लिए कोविड-19 के सभी प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।

असम के चुनावी संग्राम की पहली परीक्षा आज

राज्य में सभी निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। मतदान को लेकर के लोगों में भारी उत्साह देखा गया है और सुबह से लोग मतदान केन्द्रों पर एकत्रित होने लेगे हैं। पूर्व की तुलना में इस बार बड़ी संख्या में मतदान केन्द्र बनाये गए हैं जिसके कारण बहुत कम स्थानों पर मतदाताओं की लम्बी लम्बी कतारें देखने को मिलेंगी। राज्य में मतदान के दौरान अभी तक कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

चुनाव आयोग के अनुसार पहले चरण में 1,1537 मतदान केंद्रों पर 40,77,210 पुरुषों और 40,32,481 महिलाओं सहित कुल 81,09,815 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

असम विधानसभा चुनाव 2021 में तीन चरणों में मतदान होगे। जिनमें से पहले चरण का मतदान आज शुरू हो गया है। इस बीच मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय ने कहा कि कोरोनो वायरस महामारी के मद्देनजर मतदान एक घंटे के लिए बढ़ाया जाएगा।

राज्य के कुछ महत्वपूर्ण राजनेताओं के भाग्य का फैसला आज होगा, जिसमें मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल भी शामिल हैं, जो माजुली से चुनाव लड़ रहे हैं। असम कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा भी गोहपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। जेल में बंद किसान अधिकार कार्यकर्ता और नवगठित राईजोर दल के अध्यक्ष अखिल गोगोई शिवसागर से चुनाव मैदान में उतरे हुए हैं।

असम विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 37 से अधिक विधायक फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। वर्ष 2016 में भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दल एजीपी ने 35 सीटों जीती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *