दिल्ली के रामलीला मैदान में किसानों की महापंचायत को मिली इजाज़त

दिल्ली पुलिस ने संयुक्त किसान मोर्चा को कल यानी 14 मार्च को रामलीला मैदान में ‘किसान मजदूर महापंचायत’ आयोजित करने की इजाज़त दे दी है। किसानों को दी गई इस अनुमति में दिल्ली पुलिस द्वारा कड़ी शर्तों के पालन की बात भी कही गई है।

दिल्ली के रामलीला मैदान में किसानों की महापंचायत को मिली इजाज़त

संयुक्त किसान मोर्चा का कहना है कि कल की महापंचायत में केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ ‘लड़ाई तेज करने’ का प्रस्ताव पारित किया जाएगा। किसान संगठनों की अगुवाई कर रहे एसकेएम ने इस बात पर जोर दिया कि यह महापंचायत शांतिपूर्ण रहेगी।

महापंचायत की अनुमति पर पुलिस उपायुक्त (मध्य) से एम हर्षवर्धन का कहना है कि इसके लिए सख्त शर्तें लगाई गई हैं और एसकेएम नेताओं ने एक शपथपत्र पर हस्ताक्षर किए हैं कि वे शर्तों का पालन करेंगे।

किसान महापंचायत में केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ लड़ाई तेज करने तथा खेती, खाद्य सुरक्षा, आजीविका सहित लोगों को कॉरपोरेट लूट से बचाने के लिए संघर्ष हेतु ‘संकल्प पत्र’ पारित किया जाएगा।

संयुक्त किसान मोर्चा का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने 14 मार्च, 2024 को रामलीला मैदान में महापंचायत आयोजित करने के साथ दिल्ली नगर निकाय प्रशासन के सहयोग से पार्किंग स्थान और पानी, शौचालय और एम्बुलेंस जैसी अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था करने के लिए एनओसी जारी किया है।

मोर्चा ने किसानों और कार्यकर्ताओं से कल की ‘किसान मजदूर महापंचायत’ में शरीक होने की अपील की और बताया है कि इस आयोजन को ‘राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण और सफल’ बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं।

जानकारी के मुताबिक़ ये किसान ट्रेन से पहुँच रहे हैं। इन किसानों को गंतव्य तक छोड़ने के बाद वाहनों को दिल्ली में आवंटित स्थान पर खड़ा किया जाएगा। दिल्ली तक परिवहन के लिए बसों और चार पहिया वाहनों पर संगठनों के झंडों के अलावा स्टीकर लगाया जाएगा।

गौरतलब है कि पिछले महीने संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा द्वारा ‘दिल्ली चलो’ के आह्वान पर इन्हे प्रशासन से अनुमति नहीं मिली थी और दिल्ली पुलिस ने शहर की सीमाओं पर बैरिकेडिंग कर दी थी।

संयुक्त किसान मोर्चा ने सभी आम जन और वर्ग संगठनों और श्रमिक संघों, छात्रों, युवाओं और महिलाओं से महापंचायत में शामिल होने की अपील की है। ख़बरों के मुताबिक़भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के चढ़ूनी दल को 14 मार्च के ‘किसान मजदूर महापंचायत’ में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *