फरहान अख्तर हॉलीवुड पर नज़र आने वाले हैं। फरहान रॉक बैंड द बीटल्स पर बन रही आगामी बायोपिक में ऑस्कर विजेता फिल्म निर्माता सैम मेंडेस की चार पार्ट वाली इंटरकनेक्टेड सिरीज का हिस्सा हैं।

फरहान इससे पहले 2022 में हॉलीवुड फिल्म अमरीकी स्ट्रीमिंग सिरीज ‘मिस मार्वल’ में एक संक्षिप्त भूमिका निभा चुके हैं। यह बायोपिक म्यूजिक ग्रुप के चारों सदस्यों की लाइफ पर आधारित है। अभिनेता-निर्देशक और गायक फरहान अख्तर, इसमें भारतीय शास्त्रीय संगीतकार रवि शंकर की भूमिका निभाएंगे।
संगीतकार जॉर्ज हैरिसन को मार्गदर्शन देने वाले रवि शंकर ने बैंड के संपूर्ण संगीत में भारतीय शास्त्रीय संगीत की बारीकियों को जोड़ा है। फिल्म रवि शंकर और जॉर्ज हैरिसन के रिश्ते को दर्शाने के साथ यह भी दिखाएगी कि कैसे बैंड के परिवर्तनकारी वर्षों के सबसे महत्वपूर्ण दौर में, रवि शंकर की उपस्थिति रही।
हाल ही में सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट द्वारा साझा कास्टिंग अपडेट से फरहान की फिल्म में भागीदारी की पुष्टि हुई है। इसके अलावा अन्य कलाकारों में जेन एशर के रूप में लूसी बॉयटन, सिंथिया पॉवेल के रूप में मॉर्फिड क्लार्क और बैंड के मूल बेसिस्ट स्टुअर्ट सटक्लिफ के रूप में हैरी लॉटी भी हैं।
यह प्रोजेक्ट इसलिए भी ऐतिहासिक क्यूंकि पहली बार किसी बायोपिक के चार भाग एक साथ सिनेमाघरों में रिलीज होंगे। इस प्रोजेक्ट में कहानी लेखन जेज बटरवर्थ, पीटर स्ट्रॉघन और जैक थॉर्न का है जबकि निर्माण सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट, नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस और एप्पल कॉर्प्स कर रहा है। फिल्म की शूटिंग फिलहाल जारी है और इस साल के अंत तक पूरी होने की उम्मीद है, जिसके बाद पोस्ट-प्रोडक्शन का लंबा चरण चलेगा। अनुमान है कि फिल्म अप्रैल 2028 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
