फडणवीस मंत्रिमंडल का विस्तार, शामिल नहीं हुए उद्धव

 

मुंबई।  महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया है। विस्तार में 10 नये चेहरों समेत 11 मंत्रियों का शामिल किया गया। विस्तार में शिवसेना के किसी नेता को कैबिनेट दर्जा नहीं मिलने से नाराज उद्धव कार्यक्रम में शामिल नहीं हुये।

fadanvis

केंद्रीय मंत्रिमंडल में हुए फेरबदल में भी शिवसेना की सिरे से उपेक्षा की गई थी। महाराष्ट्र में फडणवीस ने शिवसेना के दो विधायकों को राज्यमंत्री बनाया है, लेकिन शिवसेना के किसी नेता को कैबिनेट मंत्री का दर्जा देने की मांग को खारिज कर दिया।

जिससे नाराज़ शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे विधानभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में गैरमौजूद रहे। विस्तार में छह विधायकों ने कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली उनमें से एक राम शिंदे को गृह राज्यमंत्री (ग्रामीण) के पद से पदोन्नत कर कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।

मराठवाड़ा क्षेत्र के जालना से विधायक शिवसेना के अजरुन खोतकर और उत्तरी महाराष्ट्र के जलगांव से विधायक गुलाबराव पाटिल को राज्य मंत्री बनाया गया है। पाटिल बीजेपी के पूर्व मंत्री एकनाथ खड़से के गृह नगर जलगांव से हैं। जबकि खोतकर बीजेपी की राज्य इकाई के अध्यक्ष रावसाहब दानवे के गृह जिल जालना से हैं।

 

बीजेपी की सहयोगी स्वाभिमानी पार्टी के सादाभाउ खोत और राष्ट्रीय समाज पार्टी (आरएसपी) के महादेव जानकर को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण करने वाले बीजेपी के विधायकों में पांडुरंग फुंडकर, जयकुमार रावल, सांभाजी पाटिल निलांगेकर और सुभाष देशमुख शामिल हैं। बीजेपी के विधायक रविंद्र चव्हाण और मदन येरावर ने राज्यमंत्री पद की शपथ ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *