सोशल मीडिया पर इन दिनों एक बेहद छोटा लेकिन सच्चा इस्तीफ़ा वायरल हो रहा है। यह संदेश मुंबई स्थित एक कंपनी, हिंग्लिश के संस्थापक और सीईओ शुभम गुणे ने लिंक्डइन पर शेयर किया है।

शेयर किए गए इस इस्तीफे में एक कर्मचारी ने अपनी नौकरी छोड़ने का कारण बेहद सादगी और सरलता से बयान किया है। इस वायरल स्क्रीनशॉट में दायित्व शाह नाम के एक व्यक्ति का ईमेल है, जिसने अपने इस्तीफ़े में लिखा है- “हाय सर, मैं बिक गया, सामने वाली कंपनी 4 पैसे ज़्यादा दे रही है।”
शुभम गुणे ने इसे एक ईमानदार इस्तीफ़ा बताया और लिंक्डइन पर एक पोस्ट में मज़ाकिया अंदाज़ में शेयर किया। यह संदेश देखते ही देखते वायरल हो गया और सोशल मीडिया यूज़र्स ने इस पर दिलचस्प प्रतिक्रिया की हैं।

“ईमानदार इस्तीफ़ा” कैप्शन वाली इस पोस्ट के ईमेल का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया यूज़र्स का भरपूर मनोरंजन कर रहा है। इंस्टाग्राम पर इस पोस्ट को साढ़े पांच लाख से ज्यादा यूजर्स ने लाइक किया हैं। वहीं पोस्ट पर दो हजार से ज्यादा कमेंट है, जिसमें लोगों ने जमकर रिएक्शन दिए है।
यूज़र्स का कहना है कि यह हर कर्मचारी की अंतरात्मा की आवाज़ है, कम से कम उसने सच तो बोला, उसे तोड़-मरोड़कर नहीं। एक अन्य उपयोगकर्ता ने मजाक में मैनेजर की नकल करते हुए कहा- “ठीक है, अगर कोई जगह हो तो मुझे बताएं।”
