भूकंप के झटकों से दहली जापान की धरती, दो लोगों की मौत

टोक्यो। सोमवार को पश्चिमी जापान के ओसाका में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गई है। भूकंप की वजह से कई इमारतों की दीवारें गिरने के कारण एक 80 वर्षीय बुजुर्ग और नौ वर्षीय एक बच्ची की मौत हो गई। भूकंप की वजह से हुई घबराहट से कई लोगों को हृदयघात होने की भी सूचना है। भूकंप से कितना नुकसान हुआ है, अभी तक इसका सही अनुमान नहीं लगाया जा सका है।

मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र ओसाका प्रांत का उत्तरी हिस्सा था। खबरों मुताबिक 6.1 तीव्रता के भूकंप ने पश्चिमी जापान के ओसाका के आसपास के क्षेत्र को प्रभावित किया है। शिंकान्सेन बुलेट ट्रेन सेवाओं को आंशिक रूप से रोक दिया गया है। जापानी मीडिया के अनुसार जापान के परमाणु नियंत्रक का कहना है कि इस क्षेत्र में परमाणु रिएक्टरों को कोई खतरा नहीं है।

 

भूकंप के बाद मिहामा तथा ताकाहामा परमाणु संयंत्रों में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं देखी गई। भूकंप का असर रेल और उड़ान सेवा पर भी पड़ा है। ओसाका इलाके में ट्रेन सर्विस को बंद कर दिया गया है। ओसाका इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानें रोक दी गई हैं। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक भूकंप का केंद्र ओसाका प्रांत के उत्तरी हिस्से में था।

इसके कारण सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। कंसाई इलेक्ट्रिक पावर ने कहा कि भूकंप के बाद मिहामा, ताकाहामा और ओही परमाणु संयंत्रों मे किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं पाई गई है। भूकंप के बाद ओसाका और इसके पड़ोसी प्रांत ह्योगो के 170,000 परिवार बगैर बिजली के रहने को मजबूर हैं। सार्वजनिक प्रसारणकर्ता एनएचके ने बताया कि इलाके में ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया है।

ग्वाटेमाला में भूकंप के झटके
मध्य अमेरिकी देश ग्वाटेमाला में रविवार को मध्यम दर्जे के भूकंप के झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.6 मापी गई। भूकंप का केंद्र फ्यूगो ज्वालामुखी पर्वत से लगे एसकुइंटला से 18.7 किलोमीटर की दूरी पर प्रशांत महासागर के समीप तथा जमीन से 100 किलोमीटर की गहराई में रहा।भूकंप से किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *