दुबई में एक बच्चे पर सड़क पर मोटरबाइक चलाने पर 50 हज़ार दिरहम का जुर्माना लगाया गया है। शौक़ पूरा करने के लिए मोटरबाइक चलाने पर इस नाबालिग बच्चे पर 50 हज़ार दिरहम का जुर्माना लगाया गया है। भारतीय राशि में यह रक़म 12 लाख से अधिक की होती है।

यह कार्रवाई उस समय की गई जब सार्वजनिक सड़क पर एक नाबालिग बच्चा चार पहिए वाली बाइक (Quad Bike) चलाते हुए पकड़ा गया। दुबई पुलिस ने अपने बयान में कहा है कि सड़क पर ऐसी गाड़ियां चलाना सख्त मना है और बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जवाब में अभिभावक ने इसे अनजाने में हुई गलती कहा है। इसके बावजूद पुलिस ने नियमों का हवाला देते हुए गाड़ी जब्त कर ली है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस का कहना है कि नाबालिग बच्चों में ट्रैफिक को समझने और अचानक आने वाले खतरों से निपटने की शारीरिक और मानसिक समझ नहीं होती है। ऐसे में अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को ड्राइविंग सीट पर न बैठने दें, क्योंकि इससे जानलेवा हादसे हो सकते हैं।
गौरतलब है कि इस केस में सिर्फ ट्रैफिक चालान ही नहीं काटा गया, बल्कि वदीमा कानून (Wadeema’s Law) के तहत भी कार्रवाई शुरू की गई है। इस कानून में बच्चों को खतरे या लापरवाही में डालने वाले कार्यों को अपराध की सूची में रखा गया है।









